LATEST NEWS
Loading Latest News...
हत्या लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हत्या लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गणेश पंडाल में बाजा बजाने को लेकर विवाद, युवक की हत्या; 13 आरोपी गिरफ्तार


मस्तूरी। 
TODAY छत्तीसगढ़  / गणेश पंडाल में बाजा बजाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा जनकपहरी में आरोपियों ने एक युवक पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, छुरी और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज की मौत हो गई। घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मामले में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे गणेश पंडाल के पास विवाद की आवाज सुनकर विद्याकांत राठौर मौके पर पहुंचे। वहां शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज, रवि राठौर, ब्यास नारायण सहित अन्य लोगों के साथ आरोपियों का विवाद चल रहा था। आरोप है कि आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडे, फरसा, कुल्हाड़ी, छुरी तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में विक्रम राठौर, लक्की राठौर उर्फ विकास, ब्यास नारायण, शैलेष राठौर और रवि कुमार राठौर को गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घायलों को उपचार के लिए निजी वाहन से सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद शैलेष राठौर उर्फ राज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया गया।

घटना की सूचना पर मस्तूरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी थाना तथा एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की गई।

पुलिस ने मामले में बोधीराम राठौर (75), संतोष राठौर (47), दिलीप कुमार राठौर (45), दीपक कुमार राठौर (42), आकाश राठौर (19), शंकर राठौर उर्फ नंदू (33), आकाश राठौर उर्फ मोनू (19), सूरज कुमार राठौर (40), रोहित कुमार राठौर (36), सुनील उर्फ राजा राठौर (28), प्रकाश उर्फ लालू राठौर (23), रवि कुमार राठौर (25) और आयुष राठौर (21) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

सभी आरोपियों को 21 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया और 22 सितंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हथियारों से लैस होकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, फरसा, छुरी और राफ्टर जैसे हथियारों से लैस थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए कुछ हथियार बरामद किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।


रेत-रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग में पैसा लगाया, हिसाब बिगड़ा तो साथी की हत्या

CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़  /  रायपुर: आरंग थाना क्षेत्र के बनचरौदा के पास शिक्षक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह रेत, रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग में लेन-देन से जुड़ा करीब 30 लाख रुपये का विवाद और तीन महीने से ब्याज नहीं मिलना था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, हथौड़ा, स्कूटी, तीन ब्लैंक चेक, मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े व जूते समेत अन्य सामान जब्त किया है।

बनचरौदा के पास मिला था शिक्षक का शव

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को सूचना मिली कि ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। उसके सिर और चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से चोट के निशान थे।

मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46), निवासी ग्राम रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा, रायपुर के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।

आखिरी बार साथी शिक्षक के साथ देखा गया था

जांच में सामने आया कि शिवकुमार चंद्राकर और संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों और एक चरवाहे ने शिवकुमार को घटना वाले दिन आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा था।

इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही शिक्षा विभाग के VSK ऐप के लॉग रिकॉर्ड की भी जांच की गई।

दूसरे के फोन से लगाई हाजिरी

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा। इसके बाद वह निजी काम का हवाला देकर स्कूल से बाहर निकला। पुलिस का दावा है कि इस दौरान उसने अपने मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी।

घटना के बाद करीब 12:50 बजे वह वापस स्कूल पहुंचा। उसने कथित तौर पर अपना मोबाइल घर पर होने की बात कही और दूसरे शिक्षक के मोबाइल से VSK ऐप में लॉग इन कर उपस्थिति दर्ज की। पुलिस के अनुसार, VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से इस गतिविधि की जानकारी जांच में सामने आई।

30 लाख की उधारी और ब्याज को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चंद्रप्रकाश ने हत्या की बात स्वीकार की। उसके अनुसार, वह और शिवकुमार पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग से जुड़े कारोबार में साथ काम करते थे।

पुलिस का कहना है कि चंद्रप्रकाश ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे। आरोपी के अनुसार, वह इस रकम पर हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिला था।

पुलिस के मुताबिक, इसी रकम और ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

स्कूल के पास विवाद के बाद सुनसान जगह पहुंचे

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। पैसे और ब्याज की वापसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस का दावा है कि विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। वहां विवाद बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या करने का आरोप है।

स्कूटी, हथियार, चेक और खून लगे कपड़े जब्त

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना से जुड़े कई सामान जब्त किए हैं। इनमें—

  • घटना में इस्तेमाल सफेद स्कूटी
  • धारदार हथियार
  • हथौड़ा
  • मृतक द्वारा दिए गए 3 ब्लैंक चेक
  • मृतक का पर्स
  • दोनों के मोबाइल फोन
  • आरोपी के घटना के समय पहने हुए खून लगे जूते, मोजे और कपड़े

शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।

गणेश पंडाल के पास युवक की चाकू मारकर हत्या, आकाश की मौत; आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर:  TODAY छत्तीसगढ़  /  तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के बीच आज शाम सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। सोमवार शाम गणेश पंडाल के पास दो युवकों के बीच आपसी विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में कई वार लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आस-पास के लोगों की मदद से उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

गणेश पंडाल के पास हुआ विवाद

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोप है कि अमन सूर्यवंशी ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। अचानक हुए चाकू के हमले से आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। 

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मौक़ा मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।

लोखंडी में युवक की मारपीट के बाद मौत, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर / TODAY छत्तीसगढ़  /  सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में 19 वर्षीय युवक की मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।

रात में मिली मारपीट की खबर

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे शेख इस्माईल (19) घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 1 बजे उसकी मां को सूचना मिली कि ग्राम लोखंडी के कुछ युवकों ने उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की है। बताया गया कि मारपीट में युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। 

इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, रायपुर में मौत

पीड़िता की रिपोर्ट पर सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 839/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शुरुआत में पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। बिलासपुर के चिकित्सकों की सलाह पर घायल शेख इस्माईल को इलाज के लिए रायपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां 12 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), निवासी ग्राम लोखंडी
  • प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29), निवासी इमली चौक बिरतियापारा, थाना सकरी
  • दिलीप कुमार निर्मलकर (32), निवासी ग्राम लोखंडी
  • गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22), निवासी ग्राम लोखंडी

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडों को भी जब्त किया गया है। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

ईश्वर की मौत के मामले में फरार आरोपी अनिल पुलिस की गिरफ्त में

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  थाना तोरवा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 280/2026, धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को अनिल शर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व रंजिश को लेकर परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद ईश्वर गोड की मृत्यु हो गई थी।

मामले में पुलिस ने पूर्व में आरोपी मनोज वाडेकर एवं प्रत्युन साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वहीं संतोष पासवान को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

घटना के बाद से फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

खुरदूर हत्या कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; डंडा और रक्तरंजित कपड़े जब्त

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदूर में हुए हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में निखिल यादव (23) निवासी कलारतराई और अंकुश रजक (22) निवासी खुरदूर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात लगभग 9:10 बजे ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान सिदेशी बघेल (42) पर बांस के डंडे से हमला किया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, पंचनामा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित बांस का डंडा तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि जब्ती और मेमोरेंडम की कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कर डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, उपनिरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

किराना दुकान पर विवाद के बाद युवक की हत्या का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर में किराना दुकान पर भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सिदेशी बघेल (42), पिता कार्तिक बघेल, निवासी ग्राम खुरदुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान ग्राम खुरदुर निवासी अंकुश रजक और कलार तराई निवासी निखिल यादव का एक किराना दुकान पर सामान लेने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि मृतक ने दुकानदार से तत्काल भुगतान करने की बात कही, जिसके बाद कहासुनी हो गई।

पुलिस का आरोप है कि विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने बांस के डंडे से सिदेशी बघेल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों अंकुश रजक और निखिल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

तखतपुर में घरेलू विवाद के दौरान बेटे की मौत, पिता गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / तखतपुर थाना क्षेत्र के कुसमुली गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मामले में मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विजेंद्र कुमार श्रीवास (30) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसके पिता मोहित श्रीवास (56) हैं। दोनों कुसमुली गांव के निवासी हैं।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, विजेंद्र कुमार शराब के नशे में घर पहुंचा और मोटरसाइकिल को लेकर अपने पिता से विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने मोटरसाइकिल अपने पास रखने की बात कही, जबकि पिता ने इसका विरोध करते हुए उससे मोटरसाइकिल के पैसे मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी पिता ने कथित तौर पर डंडे से बेटे के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहित श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।

गुरु-चेला विवाद में किन्नर की हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय के कथित गुरु-चेला विवाद के बाद एक किन्नर की हत्या के मामले में पुलिस ने रिया उर्फ राकेश (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक 684/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक तन्नू खान और किन्नर वर्षा जान तथा मीरा उर्फ आशीष एक-दूसरे के परिचित थे। 20 जुलाई को चारों जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे, जहां साथ बैठकर भोजन और शराब का सेवन किया गया।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान किन्नर समुदाय में प्रचलित गुरु-चेला प्रथा को लेकर तन्नू खान और रिया उर्फ राकेश के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों वहां से पैदल निकल गए। बाद में तन्नू खान का मोबाइल बंद मिला और उसका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी रिया उर्फ राकेश ने कथित तौर पर गुरु-चेला विवाद के चलते तन्नू खान का गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल और चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया गया। 

पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास हुई। मामले में अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

मानिकपुर लूटकांड में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

कोरबा।  TODAY छत्तीसगढ़  /  मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई लूट की वारदात के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को प्रार्थी दीपक ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ददरखुर्द क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर 20-22 ग्राम वजनी सोने की चेन, 70 हजार रुपये नकद सहित लगभग 2 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और तकनीकी विश्लेषण किया गया। मामले में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी और मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी निगरानी भी रखी जा रही थी।

पुलिस का दावा है कि लगातार प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू और सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, आरोपी पति पुलिस गिरफ्त में

कोरबा।  TODAY छत्तीसगढ़  / उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी के साथ विवाद के दौरान बांस के डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मृत्यु हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में मृतका के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतका अग्घन बाई धनवार और उसका पति परदेशी राम धनवार पिछले कुछ दिनों से गांव में रह रहे थे। आरोप है कि पति अक्सर शराब के नशे में पत्नी से विवाद और मारपीट करता था।

पुलिस के मुताबिक, 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी से विवाद के बाद घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।

उरगा थाना में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलगांव में महिला की हत्या के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / पुलगांव थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली भगवंतीन साहू वापस नहीं लौटी थीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसकी बाद में पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घटना के दिन शराब के नशे में थे और महिला को पैसों का लालच देकर पुलगांव नाला स्थित सुनसान स्थान पर ले गए। वहां महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर दोनों ने कथित तौर पर पहले गमछे से गला दबाया और फिर बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी कपड़े बदलकर और उन्हें छिपाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहे थे। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

चौकीदार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, तीसरा किशोर अपचारी गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / प्लेस ऑफ सेफ्टी विशेष गृह के चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के मामले में बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे चार किशोर अपचारियों में से एक अंकित सिंह को बेंगलुरु से पकड़ लिया गया है। अब इस मामले में चार में से तीन किशोर अपचारी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

इससे पहले पुलिस ने एक किशोर अपचारी को प्रयागराज से तथा दूसरे को पटना से पकड़ा था। अब तीसरे किशोर अपचारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस शेष फरार आरोपी की तलाश में छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में लगातार दबिश दे रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि 12-13 जुलाई की मध्यरात्रि हुई घटना के बाद थाना सरकंडा में मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों को कोरबा, रायगढ़, अनूपपुर, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में रवाना किया गया था।

एसएसपी के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान अब तक तीन किशोर अपचारियों को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि फरार चौथे किशोर अपचारी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

बाल संप्रेक्षण गृह हत्याकांड: दूसरे फरार आरोपी को पटना से दबोचा, दो की तलाश जारी

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। फरार चार आरोपियों में से विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस एक अन्य आरोपी दिनेश राठिया को प्रयागराज से पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में अब भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में विशेष पुलिस टीमें भेजी गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर विशाल चौबे को पटना से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

गौरतलब है कि 11-12 जुलाई की दरम्यानी रात बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार किशोर अपचारियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद वहां से फरार हो गए। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की गई, गला दबाकर उनकी हत्या की गई और शोर न मचा सकें, इसके लिए उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्लेस ऑफ सेफ्टी हत्या मामला: एक किशोर अपचारी गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  प्लेस ऑफ सेफ्टी (विशेष गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चार किशोर अपचारियों के फरार होने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बताया है कि एक किशोर अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष तीन की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 12-13 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि हुई इस घटना के बाद थाना सरकंडा में मामला दर्ज कर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश भेजा गया। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रायगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में मिले सुरागों के आधार पर शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। 

धरना भड़काने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस ने अपनी विज्ञप्ति में यह भी कहा है कि घटना के बाद कुछ लोग मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें ऐसे आश्वासन और मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका विधिक प्रावधानों में आधार नहीं है। पुलिस का दावा है कि ऐसे लोगों के संबंध में जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, यदि जांच में यह सामने आता है कि जमानत पर चल रहे किसी आरोपी ने कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या लोगों को कथित तौर पर उकसाने का प्रयास किया है, तो उसके विरुद्ध जमानत निरस्त कराने सहित वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। 

पुलिस ने बताया कि शासन के प्रावधानों के अनुरूप मृतक के परिजनों को सहायता और मुआवजे संबंधी जानकारी उपलब्ध कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही पुलिस एवं जिला प्रशासन लगातार परिजनों और धरनास्थल पर मौजूद लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, 18 जुलाई को मृतक की पत्नी की तबीयत खराब होने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय सलाह के बाद तहसीलदार और थाना प्रभारी सरकंडा की समझाइश पर उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया।

बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है तथा इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, घटना के बावजूद कुछ लोगों द्वारा मृतक के परिजनों को धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए कथित तौर पर प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि ऐसे लोगों के संबंध में जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इनमें से कुछ लोग पूर्व के गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी हैं और जमानत पर हैं। यदि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो उनके विरुद्ध जमानत निरस्त कराने के लिए संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घर की छत पर युवक की हत्या, दो आरोपी हिरासत में

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में हैं, इसलिए पुलिस उनके होश में आने के बाद विस्तृत पूछताछ करेगी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35), पिता स्वर्गीय सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, अकलतरी के रूप में हुई है। उसका शव घर की छत पर मिला। मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

घटनास्थल से पुलिस ने एक ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया है, जिन्हें वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामले में अमित कुमार सोनवानी (19) और सुधीर सोनवानी (26), दोनों निवासी अकलतरी, को हिरासत में लिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक उनके घर के सामने कथित रूप से गाली-गलौज कर रहा था, जिससे नाराज होकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, दोनों आरोपी नशे की हालत में हैं, इसलिए घटना के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए होश में आने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 


50 बाल अपचारी, सिर्फ दो चौकीदार... आखिर जिम्मेदार कौन ? बेनकाब हुई सुरक्षा व्यवस्था

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  बाल संप्रेक्षण गृह में संविदा चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या के बाद मामला केवल आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब प्रशासनिक जवाबदेही और संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। मृतक के परिजन और सामाजिक संगठन 'परिवर्तन' नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर धरने पर बैठकर न्याय की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह घटना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक और विभागीय लापरवाही का परिणाम है।

धरने पर मौजूद लोगों का आरोप है कि बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से अपर्याप्त थी। मृतक की पत्नी सीमा खांडे ने बताया कि संस्थान में करीब 50 बाल अपचारी रह रहे हैं, जबकि उनकी निगरानी के लिए केवल दो चौकीदार तैनात थे। दिन और रात की ड्यूटी के बीच सीमित सुरक्षा व्यवस्था के कारण किसी भी आपात स्थिति से निपटना लगभग असंभव था। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था।

2019 की घटना का भी जिक्र

सामाजिक संगठन परिवर्तन ने दावा किया कि वर्ष 2019 में भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह में एक नाबालिग की मौत हुई थी। संगठन का आरोप है कि उस समय भी संस्थान की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे, लेकिन सुधारात्मक कदम प्रभावी ढंग से नहीं उठाए गए। हालांकि, इस आरोप पर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ट्रांसफर के बावजूद ड्यूटी पर रखने का आरोप

धरना दे रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मृतक नरेंद्र खांडे का मार्च महीने में दूसरे स्थान पर स्थानांतरण हो चुका था, लेकिन उन्हें कथित तौर पर तत्कालीन व्यवस्था के तहत वहीं कार्य करने के लिए रोका गया। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रदर्शनकारी इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

विभागीय जवाबदेही की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना की जांच केवल हत्या तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह भी देखा जाना चाहिए कि सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ की संख्या, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक स्तर पर क्या-क्या कमियां थीं। उनका आरोप है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो इतनी गंभीर घटना नहीं होती।

संगठन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। साथ ही राज्य सरकार से इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने की भी अपील की गई है।

परिजनों की प्रमुख मांगें

धरना दे रहे परिजनों और सामाजिक संगठन ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं—

  • घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
  • सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
  • परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी दी जाए।
  • एफआईआर की प्रति परिजनों को उपलब्ध कराई जाए।
  • मृतक के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करे।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इन मांगों पर कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है। वहीं पुलिस हत्या और फरार बाल अपचारियों से जुड़े मामले की जांच अलग से कर रही है। 


मछली चोरी का विरोध पड़ा भारी, खूंटाघाट बांध के चौकीदार की हत्या; तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मछली चोरी के दौरान पकड़े जाने और उसके बाद हुए विवाद की रंजिश में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले दोनों ने कथित तौर पर कान्हा उर्फ गोलू धीवर और अनिश उर्फ छोटू धीवर को बांध में मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान तीरथ राम ने घटना का वीडियो बनाया था। आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया था। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची और बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई की रात तीरथ राम यादव और श्याम सिंह पोर्ते मोटरसाइकिल से खूंटाघाट बांध की ओर जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन मोटरसाइकिल के सामने लगा दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।

आरोप है कि इसके बाद कान्हा उर्फ गोलू धीवर, अनिश उर्फ छोटू धीवर और शुभम प्रधान उर्फ शोभू ने डंडों से हमला कर दिया। श्याम सिंह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि तीरथ राम यादव की आरोपियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।

मामले की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश के कारण योजनाबद्ध तरीके से की गई। 


चौकीदार की हत्या कर बाल संप्रेक्षण गृह से भागे चार किशोर, पुलिस अलर्ट

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार देर रात चौकीदार की हत्या के बाद चार बाल अपचारी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर फरार किशोरों की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है, जो तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव के निवासी थे। वे पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार बाल अपचारियों ने कथित तौर पर पहले चौकीदार के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए, गला दबाया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। घटना के बाद चारों संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूत और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

इस बीच मृतक के परिजनों ने संस्थान के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि हत्या के पीछे संस्थान के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

सूत्रों के मुताबिक, फरार बाल अपचारियों में से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी होने के कारण उसे जेल स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। यह जानकारी भी फिलहाल पुलिस जांच का हिस्सा है और इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस संस्थान की जिम्मेदारी कानून से संघर्षरत किशोरों की निगरानी और पुनर्वास की होती है, वहीं से हत्या के बाद चार बाल अपचारियों का फरार हो जाना सुरक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

खूंटाघाट बांध के चौकीदार की हत्या, मछली चोरी के विवाद में वारदात का आरोप

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में मछली चोरी का विरोध करने को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने कथित तौर पर हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार शनिवार को चौकीदार तीरथ राम यादव की कथित तौर पर स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और उसके बाद डंडों से हमला करने के बाद मौत हो गई। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। शिकायत के अनुसार, बांध में कथित मछली चोरी को लेकर पहले भी गोलू धीवर और अनीश धीवर से विवाद हुआ था। आरोप है कि तीरथ राम यादव ने कथित मछली चोरी का वीडियो बनाया था, जिसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था और पुलिस ने पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की थी।

शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई की रात श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव मोटरसाइकिल से खूंटाघाट बांध के नवागांव कैंप जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव स्थित मौहा डबरी तालाब के पास कथित तौर पर स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, दोनों के सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर डंडों से हमला किया। शिकायत में कहा गया है कि इस हमले में तीरथ राम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह पोर्ते किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। 

रतनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

नोट: खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता और पुलिस की प्राथमिकी पर आधारित हैं। आरोपियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा