पुलिस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पुलिस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रेलवे स्टेशन से 17 किलो गांजा बरामद, महिला समेत तीन गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली, साइबर थाना और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र से महिला समेत तीन आरोपियों को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17.726 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास पीपल पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध बैग लेकर बैठे हैं और उनके पास मादक पदार्थ गांजा मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिद्धांत गोन्डा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी के रूप में बताई। तीनों आरोपी ओडिशा के कंधमाल जिले के रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान एक बैग से 6.382 किलो, ट्रॉली बैग से 8.084 किलो और दूसरे बैग से 3.304 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बेचने ले जा रहे थे। रायगढ़ पहुंचने के बाद वे आगे जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर महिला से 1.04 करोड़ की साइबर ठगी


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस के अनुसार प्रकरण में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस और 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर एक व्यक्ति ने खुद को “संजय PSI” बताकर संपर्क किया। आरोपियों ने महिला को बताया कि उनका नाम एक आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में आया है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को कई घंटों तक कथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। आरोपियों ने पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट के नाम पर लगातार दबाव बनाते हुए महिला को डराया। यहां तक कहा गया कि यदि उन्होंने परिवार के किसी सदस्य से संपर्क किया तो उनके बेटे और अन्य परिजनों को भी मामले में फंसा दिया जाएगा। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट के आदेश और आरबीआई नोटिस भी भेजे। लगातार मानसिक दबाव और भय के कारण महिला आरोपियों के झांसे में आ गई।

1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर

आरोपियों ने महिला को अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। अलग-अलग तारीखों में कुल 1,04,80,000 रुपये विभिन्न खातों में जमा कराए गए। इसके बाद भी आरोपियों द्वारा केस खत्म करने के नाम पर अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जब पीड़िता ने पूरी बात अपने पुत्र को बताई, तब मामला सामने आया और साइबर थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।

तकनीकी जांच में खुला नेटवर्क

साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई लेयर बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर की गई थी। बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में रूपेन्द्र सिंह और विशाल सिंह शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे और ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और साइबर नेटवर्क की जांच जारी है।

कलेक्ट्रोरेट में नौकरी लगाने के नाम पर 3.38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /कोतरारोड़ पुलिस ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने संविदा नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाकर युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लंबे समय तक गुमराह करता रहा।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी पदिमनी यादव ने 3 अप्रैल 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी भतीजी के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी हरीश मिश्रा से हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा देकर 9 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में नकद और फोन-पे के जरिए कुल 3,38,500 रुपये ले लिए।

जब लंबे समय तक नियुक्ति नहीं हुई तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसी दौरान उसने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का एक कथित नियुक्ति पत्र पीड़िता को दिया। पीड़िता जब दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंची तो जांच में नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया।

शिकायत के आधार पर थाना कोतरारोड़ में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। फरारी के दौरान आरोपी के जशपुर में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अधिकांश रकम खर्च कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें रही हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने ध्वस्त किया अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का नेटवर्क, तीन आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित 81 बल्क लीटर शराब और एक ओला ईवी स्कूटी जब्त की है। मामले में मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक जिले में बीते छह माह के दौरान अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ यह 10वीं बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान करीब 11 लाख रुपये मूल्य की 880 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 मई 2026 को पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, जिनमें से तीन आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को स्वीफ्ट डिजायर कार से मंगाकर बिक्री की जाती थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की नौ पेटियां, कुल 450 पौवा यानी 81 बल्क लीटर शराब और एक ओला ईवी स्कूटी क्रमांक CG 08 BB 4537 जब्त की। जब्त मशरुका की कीमत करीब 1 लाख 10 हजार 750 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेन्द्र वर्मा शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 36 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार विगत एक माह में जिले में आबकारी एक्ट के 135 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें करीब 147 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर में बुलेट सवार बदमाशों का आतंक, लूट और मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले बुलेट सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक ड्राइवर सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन तथा पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसके कुछ दिन बाद 4 मई को उसी क्षेत्र में गुलशन साहू के साथ आरोपियों ने लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से मारपीट कर दी। घटना में युवक को चोटें आईं। दोनों मामलों में थाना चकरभाठा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल साहू निवासी सिरगिट्टी और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से एक मोबाइल, 3700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नोट गिनने की मशीन और आईफोन के साथ सटोरिये गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.70 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन समेत लगभग 4.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के डिजिटल लेनदेन और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए हैं।  

ऑफिस में चल रहा था सट्टा

पहली कार्रवाई में पुलिस ने कोतरारोड़ बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय में दबिश दी। यहां साकेत सिंघानिया को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच में मोबाइल से बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।

राशन दुकान से संचालित था नेटवर्क

दूसरी कार्रवाई में पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से रितेश डालमिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल, 2.69 लाख रुपये नकद तथा नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।

किराए के मकान से ऑनलाइन बेटिंग

तीसरी कार्रवाई में संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र स्थित किराए के मकान में पुलिस ने प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड मिले। पुलिस को करीब 89 हजार रुपये के डिजिटल लेनदेन के प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी पिंटू हलवाई की तलाश जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस ने वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार नागवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उन्होंने विभिन्न फायनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थीं। इन पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने स्वयं को आरटीओ एजेंट बताकर उनसे संपर्क किया।

आरोपियों ने वाहन पंजीयन शुल्क जमा कराने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 6 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। बाद में कुछ वाहनों के दस्तावेज दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन प्रार्थी के नाम पर पंजीकृत ही नहीं किए गए थे। जब पीड़ित ने आरटीओ कार्यालय में जानकारी ली तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के लिए दो चेक दिए थे, जिनमें से एक बाउंस हो गया जबकि दूसरे में गलत जानकारी दी गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

37 बकरी-बकरा चोरी: दुकान में काटकर बेच रहा था आरोपी


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवार और ग्राम सारधा में हुई 37 नग बकरी-बकरा चोरी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो चोरी के बकरों को खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम सेवार और ग्राम सारधा से कुल 37 नग बकरी-बकरा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी के बकरों को खरीदकर बिक्री करने में एक अन्य आरोपी भी शामिल है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान (25 वर्ष) निवासी चिल्हाटी धनुहार मोहल्ला, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने 10 नग बकरी-बकरा खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, बकरा-बकरी काटने के औजार, तराजू तथा बिक्री की रकम सहित करीब 63 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू और नजीर खान उर्फ मजीद खान शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

मितानिन के घर मिला बम बनाने का सामान, महापौर को बम से उड़ाने की धमकी


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक घर से देसी बम बनाने का सामान बरामद किया। पुलिस ने मौके से विस्फोटक सामग्री, पिस्टल और संदिग्ध सामान जब्त किया है। मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब पूछताछ में कांग्रेस नेता और बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन के साले का नाम सामने आया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि रावाभाठा क्षेत्र के एक मकान में संदिग्ध सामग्री रखी गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मितानिन पुष्पा साहू के घर से बम बनाने का सामान बरामद किया। पूछताछ में पुष्पा साहू ने बताया कि विनय देवांगन नामक व्यक्ति ने उसके घर में बैग रखवाया था। महिला ने पुलिस को बताया कि विनय देवांगन जमीन कारोबारी है और उसी से उन्होंने जमीन खरीदी थी। बैग खोलने पर उसमें पिस्टल और विस्फोटक सामग्री मिली। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बिरगांव महापौर नंदलाल देवांगन से भी पूछताछ की। महापौर ने पुलिस को बताया कि विनय देवांगन उसका साला है, लेकिन पिछले करीब 20 वर्षों से दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद के बाद विनय ने उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी थी।

पुलिस अब फरार आरोपी विनय देवांगन की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस जब्त विस्फोटक सामग्री की जांच कर रही है और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल जारी है। 


ऑपरेशन आघात: 50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब निर्माण और बिक्री में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम एकताल स्कूलपारा निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास महुआ शराब बनाकर बेच रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को गांव में दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी संदीप चौहान (26) को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्ली में रखी महुआ शराब बरामद हुई। इनमें एक में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में आरोपी के पास शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शराब और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 


दोगुना रकम का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 5.42 लाख की ठगी


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को निवेश और बीमा कार्य से जुड़ा बताकर महिला से किस्तों में 5.42 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।

पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में दर्ज अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत आरोपी महेश राम वर्मा (49) निवासी मोतीपुर तालाब के पास, वार्ड क्रमांक-02, थाना कोतवाली राजनांदगांव के खिलाफ धारा 420, 467 और 468 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रार्थिया फगनी बाई साहू (65) निवासी चमारराय टोलागांव थाना लालबाग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने वर्ष 2014, 2022 और 2023 में विभिन्न किश्तों के माध्यम से कुल 5 लाख 42 हजार रुपये निवेश कराने के नाम पर लिए थे। आरोपी ने महिला को रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाते हुए कई बांड पेपर और दस्तावेज भी दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को दस्तावेज संदिग्ध मिले। पूछताछ में आरोपी ने महिला से रकम लेना स्वीकार कर लिया। साथ ही जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।

महिला से छेड़छाड़: मोबाइल में कैद हुए आरोपी, पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  / महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 3 मई को अपने पति के साथ मायके सक्ती से मोटरसाइकिल से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल वाहन को ढकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे।

महिला ने बताया कि ग्राम कुसमुरा तालाब के पास वह शौच के लिए गई थी। इसी दौरान कार क्रमांक CG 13 AM 1892 से पहुंचे दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धमकी देकर फरार हो गए।

महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की मोबाइल से तस्वीर खींच ली और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में की।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की मारुति सुजुकी सेलरियो कार, चाबी और आरसी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कोलकाता से दिल्ली जा रहे थे नोटों के बोरे, DRI ने पकड़ा


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / राजधानी रायपुर स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने छापामार कार्रवाई कर नोटों से भरे तीन बोरे जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, डीआरआई को हंस ट्रैवल्स कार्यालय में संदिग्ध तरीके से बड़ी मात्रा में नकदी भेजे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रिंग रोड स्थित कार्यालय में दबिश दी। छापेमारी के दौरान 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे बरामद किए गए। टीम ने नोटों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रकम पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। 

सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता निवासी बिस्वाल नामक व्यक्ति द्वारा दिल्ली के कमल किशोर गुप्ता के पास यह रकम भेजी जा रही थी। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी भेजने के पीछे क्या उद्देश्य था और इसका उपयोग कहां होना था, इसकी जांच डीआरआई कर रही है। जांच के दौरान नोटों पर आरबीआई की सील और मुहर भी मिली है। डीआरआई की टीम हंस ट्रैवल्स के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और नोटों के स्रोत तथा ट्रांजेक्शन की कड़ियों को खंगाल रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और डीआरआई जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकती है। 

पत्नी मायके गई तो बौखलाया जीजा, दो सालियों को मारी गोली


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी के मायके में रहने से नाराज जीजा ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र कुमार वर्मा (32) पेशे से बाउंसर है। उसकी पत्नी ज्योति वर्मा पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थी। बुधवार रात आरोपी अपनी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन लेकर ससुराल पहुंचा था।

बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने पत्नी और बच्ची से मिलने की बात कही। इस दौरान परिवार वालों ने सुबह आने की बात कही, जिससे वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने पिस्टल निकालकर पहले अपनी साली गीतांजली वर्मा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। इसी दौरान दूसरी साली दुर्गेश्वरी वर्मा बाहर आई, जिस पर आरोपी ने गोली चला दी। दोनों बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन बाद में थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पंडरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

शादी का झांसा देकर ले गया MP, पुलिस ने दबोचा आरोपी


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  / थाना बसंतपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर पीड़िता को मध्यप्रदेश से सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 4 मई को प्रार्थिया ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में आरोपी सुजीत अधिकारी (40) निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश, को बालिका के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने पीछा करते हुए मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे रायपुर ले गया और वहां से बस के जरिए मध्यप्रदेश पहुंचाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

ब्लैक पैंथर टीम का एक्शन, तीन आरोपी जेल भेजे गए


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस की रात्रि “ब्लैक पैंथर टीम” ने कार्रवाई करते हुए आम लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे हैं और लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना पर बसंतपुर पुलिस और ब्लैक पैंथर टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भरत पटेल (18), दानिश खान कुरैशी (22) और देवी साहू (21) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे के धारदार चाकू बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी देवी साहू आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

ट्रैफिक चेकिंग में खुला बड़ा राज ! पद्मश्री महिला के अपहरण की कोशिश नाकाम


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस की सतर्कता और सक्रियता से पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फुलबासन देवी यादव के कथित अपहरण की बड़ी घटना टल गई। ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर महिला को सुरक्षित मुक्त कराया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे गठुला रोड क्षेत्र में ट्रैफिक निरीक्षक नवरत्न कश्यप अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG08/Z/2334 को रोका गया।

वाहन की जांच के दौरान पीछे बैठी महिला की स्थिति संदिग्ध लगी। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करते हुए महिला को मिर्गी का मरीज बताया, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए पूछताछ जारी रखी। इसी बीच महिला ने इशारों में मदद मांगी।

तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन में सवार सभी लोगों को नीचे उतारा और पूछताछ की। जांच में महिला की पहचान पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव निवासी ग्राम सुकुलदैहान के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाया था और मिर्च स्प्रे दिखाकर धमकाते हुए जबरन ले जा रहे थे।  पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिर्च स्प्रे, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 

 इस मामले में पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें खुशबु साहू पिता अरूण साहू उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम भिंभौरी पो० बेरला थाना बेरला जिला बेमेतरा।  सलोनी महेश्वरी पिता अरूण महेश्वरी निवासी ग्राम नेवनारा पो० हसदा थाना बेरला जिला बेमेतरा । दिनेश बंजारे पिता स्व. कम्मल बंजारे उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम नयाढाबा वार्ड नं. 14 पो० भिंभोरी थाना बेरला तहसील बेरला जिला बेमेतरा। गोपाल खेलवार पिता संतोष खेलवार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम पथरिया वार्ड नं. 02 पो० मेडेसरा थाना अहिवारा तहसील धमधा जिला दुर्ग और चिनक राम साहू पिता मन्नूलाल साहू उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम रताम बहेरा थाना एवं तहसील बेरला जिला बेमेतरा शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने इस कार्रवाई को “Visible-Active-Effective Policing” का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। वहीं आईजी बालाजी राव और एसपी अंकिता शर्मा ने कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

रील बनाना पड़ा भारी ! खतरनाक स्टंट पर पुलिस का एक्शन


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। तमनार पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया और कड़ी फटकार लगाते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में एक युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और स्टंट करते हुए बाइक चलाता नजर आया। जांच में यह वीडियो तमनार थाना क्षेत्र का पाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) निवासी ग्राम कुंजेमुरा के रूप में की।

पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की, जहां उसने वीडियो खुद बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी के खतरों और कानूनी परिणामों से अवगत कराया। इसके बाद युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।

डकैती का फरार आरोपी चला रहा था IPL सट्टा, पुलिस ने दबोचा


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में छाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले से दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु लंबे समय से फरार था और छिपकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है और जमानत पर छूटने के बाद उसने रायपुर में डकैती की वारदात को भी अंजाम दिया था।

आईपीएल मैच के दौरान आरोपी द्वारा बॉल-टू-बॉल सट्टा खिलाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कुरकुट पुल के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर आरोपी को सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मोबाइल जांच में ऑनलाइन लेन-देन, सट्टा रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य मिले। जांच में यह भी सामने आया कि रूपधर पटेल नामक युवक ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से सट्टा लगाया था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने सट्टा खेलने की बात स्वीकार की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नगदी और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत ₹82,000 से अधिक बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घर में गौमांस काटते पकड़ा गया आरोपी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  बेलगहना चौकी क्षेत्र में पुलिस ने गौमांस रखने और काटने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 7 किलो गौमांस और मांस काटने में प्रयुक्त औजार जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम करहीकछार में रहने वाले सुरेश कुमार सोनवानी (53) के खिलाफ सूचना मिली थी कि वह अपने घर में गौमांस रखकर उसे काट रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तड़के सुबह आरोपी के घर दबिश दी।

रेड के दौरान आरोपी अपने आंगन में बैठकर मांस को टंगली से काटते हुए मिला। पूछताछ में उसने मांस रखने और काटने की बात स्वीकार की। मौके से करीब 7 किलो मांस और काटने का औजार जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 और 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com