Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दोगुना रकम का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 5.42 लाख की ठगी


राजनांदगांव। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को निवेश और बीमा कार्य से जुड़ा बताकर महिला से किस्तों में 5.42 लाख रुपये ऐंठ लिए थे।

पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में दर्ज अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत आरोपी महेश राम वर्मा (49) निवासी मोतीपुर तालाब के पास, वार्ड क्रमांक-02, थाना कोतवाली राजनांदगांव के खिलाफ धारा 420, 467 और 468 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रार्थिया फगनी बाई साहू (65) निवासी चमारराय टोलागांव थाना लालबाग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने वर्ष 2014, 2022 और 2023 में विभिन्न किश्तों के माध्यम से कुल 5 लाख 42 हजार रुपये निवेश कराने के नाम पर लिए थे। आरोपी ने महिला को रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाते हुए कई बांड पेपर और दस्तावेज भी दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को दस्तावेज संदिग्ध मिले। पूछताछ में आरोपी ने महिला से रकम लेना स्वीकार कर लिया। साथ ही जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com