रायपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क सुरक्षा संकल्प पोस्टर पर हस्ताक्षर कर सुरक्षित यातायात के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को शहर में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियानों और ट्रैफिक व्यवस्था में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने तकनीकी नवाचार और नागरिकों की भागीदारी के जरिए सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की पहल की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैफिक हैकथॉन 2026 के जरिए यातायात समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव जुटाने की पहल की सराहना की।
तकनीक और जनभागीदारी पर जोर
रायपुर ट्रैफिक पुलिस की ओर से आयोजित ट्रैफिक हैकथॉन 2026 में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नागरिकों और युवाओं से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। पुलिस के अनुसार, इस अभियान में 457 प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें करीब 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रस्तावों की विशेषज्ञों की ओर से स्क्रीनिंग की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, चयनित प्रस्तावों का प्रस्तुतिकरण 27 सितंबर को NIT रायपुर में किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रस्तावों का चयन किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के साथ मौजूद पुलिस अधिकारियों ने यातायात जागरूकता के लिए चलाए जा रहे अभियानों और सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी साझा की।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सड़क पर खुद के साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य में पहले भी जागरूकता अभियानों के जरिए हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन के इस्तेमाल और यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक किया जाता रहा है।

