बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बिलासपुर के छठ घाट पर स्वच्छता और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की। इस दौरान महापौर पूजा विधानी ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सफाई अभियान में सहभागिता निभाई।
'स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी'
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि साफ-सुथरे शहर में लोग आना पसंद करते हैं। बिलासपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी फैलाने वालों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग खुद स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाएं और इसे जनआंदोलन का रूप दें।
'स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं'
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी भावना के साथ मोहल्ले, गांव और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के जरिए इसे जनआंदोलन बनाना है।विधायक ने नागरिकों से खुद गंदगी नहीं फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने की अपील की।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वच्छता अभियान के साथ छठ घाट परिसर में पौधारोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाकर स्वच्छ और हरित शहर के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, मोहित जायसवाल, पार्षद श्याम साहू, एडिशनल कमिश्नर खजांची कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने छठ घाट की सफाई में सहभागिता निभाई और स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया।

