Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बालोद से धमतरी जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत; 25 से ज्यादा घायल

बस के नीचे दबे यात्री, मौके पर मची अफरा-तफरी; बालोद में दर्दनाक हादसा

CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़  / बालोद: बालोद में आज शनिवार की सुबह यात्रियों से भरी एक बस CG 04 JC 1253 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा करहीभदर मोड़ के पास हुआ। हालिया जानकारी के मुताबिक, बस के नीचे दबने से एक यात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। कुछ यात्रियों के बस के नीचे दबे होने की भी अपुष्ट  जानकारी सामने आई है। 

मौके से हासिल जानकारी में बताया जा रहा है कि डीआरडी कंपनी की बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के करीब बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज और यात्रियों की मदद की पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों के लिए तत्काल राहत-बचाव का काम शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

हादसे के बाद बालोद पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में बस चालक की लापरवाही की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बस ओवरस्पीड थी, वहीं बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, ओवरलोडिंग और हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। 

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में मृतक और घायलों की आधिकारिक संख्या तथा उनकी पहचान की जानकारी भी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा