Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

जीजा के घर की रेकी कर साले ने उड़ाए 37 लाख के गहने, CCTV ने खोला राज!

दीवार फांदी, ताला तोड़ा और लॉकर साफ किया

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए एक युवक ने अपने ही जीजा के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने जीजा के साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी के करीब 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महासमुंद जिले का निवासी है और फिलहाल रायपुर के प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर क्षेत्र में रहता था। पुलिस ने उसके खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया है।

सूने मकान का ताला काटकर की चोरी

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और उनकी पोस्टिंग कोंडागांव में है। वह अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उनके मकान में माता-पिता और बड़े भाई का परिवार भी रहता है।

शिकायत के मुताबिक, 28 अक्टूबर को मकान की साफ-सफाई के बाद घर में ताला लगाया गया था। 30 अक्टूबर की सुबह अनिल शर्मा की मां ने फोन कर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ है और अंदर चोरी हुई है।

रायपुर पहुंचकर जांच करने पर आलमारी और लॉकर टूटे मिले। वहां रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब थी। इसके बाद टिकरापारा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दीवार फांदकर मकान में प्रवेश करता और सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान शिकायतकर्ता के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

दो दिन जीजा के घर रुका था आरोपी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत है और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था। इस दौरान उसे घर में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों तथा नकदी की जानकारी हो गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान खाली रहेगा।

आरोप है कि वारदात के दिन वह दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुआ। इसके बाद छोटे ग्राइंडर की मदद से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा और आलमारी का लॉकर खोलकर गहने व नकदी चुरा ली। पुलिस के मुताबिक, संदेह से बचने के लिए उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित करके रख दिया।

37 लाख के सोने के जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के करीब 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा