भिलाई: TODAY छत्तीसगढ़ / दुर्ग जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई पुलिस ने गांजा रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नितिन कुमार डहरिया (28) के रूप में हुई है। वह थाना पुरानी भिलाई का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम सिरसाकला में पुरैना चौक नर्सरी के पास एक युवक गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची।
बताए गए हुलिए के आधार पर नर्सरी के पास मौजूद युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नितिन कुमार डहरिया, निवासी भाठापारा दादर चरोदा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने उसके पास मौजूद पैकेट की जांच की, जिसमें गांजा मिला।
1.150 किलो गांजा जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 622/2026 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(ख) में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

