Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

C.G. हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स की शानदार जीत, राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराया

चिराग की हैट्रिक से न्यायधानी नाइट्स की जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह

रायपुर । TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हरा दिया। लीग के सातवें मुकाबले में मैनपाट की ओर से मोहित नायक ने अहम गोल किया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के साथ 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' का पुरस्कार भी मिला।

मुकाबला देखने केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी पहुंचे। अतिथियों ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उप मुख्यमंत्री अरुण साव लगातार तीसरे दिन हॉकी स्टेडियम पहुंचे।

उतार-चढ़ाव के बाद मैनपाट ने बनाई बढ़त

मैच के शुरुआती क्वार्टर में दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाने की कोशिश करती रहीं। हमलों की रफ्तार धीमी रही और गोल करने के मौके भी कम बने। क्वार्टर के अंतिम हिस्से में मैनपाट टाइटन्स ने तेजी दिखाई। मनीष वट्टी ने विपक्षी सर्कल के भीतर मिले मौके को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई।

राजधानी रॉयल्स ने जल्द ही जवाब दिया। रोशन के पास पर अनिकेत ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद रोशन ने भी गेंद को गोल में पहुंचाया, लेकिन रेफरी ने इस गोल को अमान्य करार दिया। मैनपाट ने इसके बाद फिर आक्रमण तेज किया। संदीप ठाकुर ने मिडफील्ड से मिले शानदार पास को गोल में बदलकर टीम को हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त दिला दी।

शानदार स्कूप और रिवर्स फ्लिक ने बढ़ाया रोमांच

मैनपाट टाइटन्स ने अगले चरण में भी अपना दबदबा बनाए रखा। ललित ने लंबी दूरी से गेंद को स्कूप करते हुए रोशन तक पहुंचाया। रोशन ने इस मौके को गोल में बदल दिया। मैच के इस गोल को टूर्नामेंट के बेहतरीन गोलों में शामिल किया जा सकता है। इसके बाद मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से गोल कर मैनपाट की बढ़त और मजबूत कर दी। राजधानी रॉयल्स की रक्षापंक्ति इस दौरान दबाव में नजर आई।

रॉयल्स की कमजोरियों का फायदा उठाते हुए प्रिंस ने भी गोल किया। इसके साथ ही मैनपाट टाइटन्स ने अपनी बढ़त 4-2 कर ली। मुकाबले के अंतिम हिस्से में राजधानी रॉयल्स प्रभावी हमले करने में नाकाम रही। पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल पाना भी टीम के लिए बड़ी परेशानी साबित हुआ। मैनपाट टाइटन्स ने आखिरकार 5-2 से जीत दर्ज की। मोहित नायक को उनके प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' चुना गया। राजधानी रॉयल्स की इस हार से सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी संभावनाओं को झटका लगा है। 

न्यायधानी नाइट्स की सेमीफाइनल में जगह पक्की, बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ने अब तक खेले गए अपने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स के ड्रैग-फ्लिकर चिराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। उनके गोलों ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' चुना गया।

दूसरी ओर, बैलाडीला बुल्स को अब तक खेले गए मुकाबलों में जीत नहीं मिली है और टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर बनी हुई है। लगातार तीन जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा