Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर पुलिस का 'एकता वृक्षारोपण अभियान'

पीपल लगाकर एसएसपी ने शुरू किया खास अभियान

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रायगढ़ पुलिस ने 'एकता वृक्षारोपण अभियान' की शुरुआत की है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश समाज तक पहुंचाना है।

जिला मुख्यालय स्थित पुलिस फायरिंग रेंज, उर्दना में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने नीम, जामुन, सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

पुलिस के अनुसार पौधों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है और परिसर में संरक्षण संबंधी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। विभाग का कहना है कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधे भी सुरक्षित हैं और उनका विकास हो रहा है। इस वर्ष शुरुआती चरण में करीब 100 पौधे लगाए गए हैं।

यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। रायगढ़ जिले के सभी थाना और चौकी परिसरों में भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया गया। 

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एकता दौड़, एकता परेड, रक्तदान शिविर, व्याख्यान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, श्रमदान और जनजागरूकता अभियान शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्रीय एकता का जो सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का भी संदेश देता है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा