TODAY छत्तीसगढ़ / कोरबा जिले में बीती रात से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए महापौर संजू देवी राजपूत ने बालको और दर्री क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों का पार्षदों एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ लगातार मैदान में मौजूद रहने और जलभराव से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पंपों से निकाला जा रहा पानी
नगर निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है। जलभराव वाले इलाकों से पंपों के माध्यम से पानी निकाला जा रहा है और स्थिति सामान्य बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नगर निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या समस्या की जानकारी तुरंत नगर निगम को देने का आग्रह किया गया है।

.jpeg)