Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

हत्या का प्रयास, मारपीट और ड्रग्स जैसे एक दर्जन मुक़दमों का हिस्ट्रीशीटर गौरव आख़िरकार गिरफ़्तार

दमन-दीव से लेकर बिलासपुर तक काटी फ़रारी, लेकिन बच नहीं सका

TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फ़रार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ़्तार कर लिया है.

रायपुर पुलिस के अनुसार, डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के एक मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी. गिरफ़्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक ज़िंदा कारतूस भी बरामद किया है.

दमन-दीव से लेकर बिलासपुर तक काटी फ़रारी

अधिकारियों के मुताबिक़, अभियुक्त गौरव हेपट डी.डी. नगर थाने में दर्ज़ अपराध क्रमांक 409/2025 (भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109(1), 3(5)) की घटना के बाद से ही लगातार फ़रार चल रहा था.

गिरफ़्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि फ़रारी के दौरान उसने पुलिस से बचने के लिए दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी जैसे अलग-अलग स्थानों पर शरण ली थी. पुलिस अब उन लोगों और ठिकानों की भी जांच कर रही है, जिन्होंने फ़रारी के दौरान उसकी मदद की.

टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने इस फ़रार अभियुक्त की जल्द गिरफ़्तारी के निर्देश दिए थे.

इसके बाद, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और डी.डी. नगर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण (Technical Surveillance) की मदद से अभियुक्त की घेराबंदी की. पुख़्ता सूचना मिलने पर योजनाबद्ध तरीक़े से पुलिस ने उसे दबोच लिया.

दर्ज़ हैं एक दर्जन से ज़्यादा गंभीर अपराध

हथियार और कारतूस का कोई वैध लाइसेंस न दिखा पाने पर पुलिस ने हत्या के प्रयास वाले मामले के साथ-साथ अभियुक्त के ख़िलाफ़ 'आर्म्स एक्ट' (Arms Act) के तहत एक अलग मामला भी दर्ज़ किया है.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ़्तार किया गया अभियुक्त गौरव हेपट (29 वर्ष, निवासी- बूढ़ापारा सप्रे गार्डन के सामने) रायपुर के कोतवाली थाने का घोषित 'हिस्ट्रीशीटर' है. उसके ख़िलाफ़ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और नारकोटिक्स (मादक पदार्थ) संबंधी मामलों सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज़ हैं.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com