रायपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी को देखते हुए सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वच्छता, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है।
STP के लिए 82 करोड़, पानी और ..
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के लिए 82 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
सड़क और नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की बात कही गई। बीरगांव में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसर बनाने के लिए भी 5 करोड़ रुपये की घोषणा की गई।
स्ट्रीट लाइट से ई-लाइब्रेरी तक ये भी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट के लिए 1 करोड़ रुपये और बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये, सर्व मांगलिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपये और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
इसके साथ ही बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
बीरगांव का बनेगा रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीरगांव भी इसमें शामिल है।
उन्होंने कहा कि इसके जरिए क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इससे बीरगांव में शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास को गति मिलने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय और नालंदा परिसर
बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से जमीन से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाया जा रहा है।
इसके अलावा नालंदा परिसर के जरिए विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
सात इलाकों में सर्वे, पात्र लोगों को ..
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने की घोषणा की।
सरकार के अनुसार सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ..
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना समेत विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके पैर धोकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनके योगदान के प्रति सम्मान जताया।
बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
साव बोले- विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव में 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। उनके मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं और आने वाले समय में अधोसंरचना व नागरिक सुविधाओं के विस्तार का काम जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

