जशपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / जशपुर पुलिस ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके बेटे को अनुकंपा नियुक्ति दी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह बुधवार को दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के गृह ग्राम पहुंचे और उनकी तेरहवीं के दिन पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
पुलिस कप्तान ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
11 सितंबर को उपचार के दौरान हुआ था निधन
पुलिस के अनुसार, आरक्षक देव नारायण सिंह एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ थे। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया।
देव नारायण सिंह वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दीं।
पुलिस कप्तान ने प्राथमिकता से पूरी कराई प्रक्रिया
आरक्षक के निधन के बाद उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ी विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक, आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।
तेरहवीं के दिन परिवार से मिलने पहुंचे SP
23 सितंबर को दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उनके गृह ग्राम पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद उन्होंने बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।
'पुलिस परिवार आपके साथ खड़ा है'
पुलिस कप्तान ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी प्रकार की आवश्यकता या समस्या आने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी अजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

