Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दीपावली पर बिक्री के लिए घर में तैयार कर रहे थे पटाखे, टीम ने पकड़ा मामला

76 और 57 साल के दो आरोपी गिरफ्तार; कमरा सील

रायपुर: TODAY छत्तीसगढ़  / दीपावली पर बिक्री के लिए रिहायशी कमरे में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। रायपुर के गणेश राम नगर में मिली सूचना के बाद गोलबाजार पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। वहां से तैयार पटाखों के पांच कार्टन, अधबने पटाखे और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया गया। टीम ने संबंधित कमरे को सील कर दिया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अन्य लोगों को बुलाकर पटाखे तैयार करवा रहा है। इन पटाखों को दीपावली के दौरान बिक्री के लिए तैयार किए जाने की जानकारी मिली थी।

संयुक्त टीम ने मौके पर की जांच

सूचना मिलने पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे तैयार किए जाते पाए गए।

टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टन में रखे अधबने पटाखे तथा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कम विस्फोटक श्रेणी की सामग्री है। कार्रवाई के दौरान संबंधित कमरे को सील कर दिया गया।

76 और 57 साल के दो आरोपियों पर कार्रवाई

पुलिस ने मामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर और वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह, रायपुर तथा दीपक ठाकुर (57), निवासी कालीनगर, पंडरी, रायपुर के खिलाफ कार्रवाई की है।

दोनों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 288 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की अपील—रिहायशी इलाकों में न बनाएं पटाखे

पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील भी की है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा