Slider

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

अभनपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 बाइक बरामद

TODAY छत्तीसगढ़  /  रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

अभनपुर और राखी क्षेत्र में की थीं वारदातें

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने अभनपुर थाना क्षेत्र से चार और राखी थाना क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी किया था। इन मामलों में अभनपुर और राखी थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे।

सब्जी बाजार से हुई थी पहली चोरी

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब अभनपुर निवासी रोशन साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 मार्च 2026 को शनिचरी बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से मिले सुराग

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस ने आकाश लहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने संदीप कुमार सिंह और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के साथ मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य दोनों को भी पकड़ लिया।

5 वाहन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें तीन एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा और एक लियो मोटरसाइकिल शामिल है।

ये आरोपी गिरफ्तार

  • आकाश लहरे (20 वर्ष), निवासी अभनपुर
  • संदीप कुमार सिंह (18 वर्ष), निवासी अभनपुर
  • विधि के साथ संघर्षरत एक बालक

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नोट: यह समाचार रायपुर ग्रामीण पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मामला न्यायालय में विचाराधीन होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com