TODAY छत्तीसगढ़ / सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबे में ट्रेलर चालकों पर तलवार से हमला और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे चालकों पर हमला
पुलिस के अनुसार, पंजाब के बटाला निवासी मक्खन सिंह रायगढ़ से लोहे का माल लेकर ट्रेलर से पंजाब जा रहे थे। 5 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह संबलपुरी स्थित खालसा ढाबे में खाना खाने पहुंचे। उसी दौरान ढाबा संचालक हैप्पी और कुछ अन्य लोगों के बीच विवाद चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक, जब मक्खन सिंह, दरबारा सिंह और ईशाक खान बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और ढाबे के अंदर से तलवार लेकर आ गया।
तलवार से हमला, ट्रेलर के शीशे भी तोड़े
आरोप है कि हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी ने दरबारा सिंह और ईशाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला किया, जिससे दोनों घायल हो गए। इसके बाद उसने ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए और तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
हमले में दरबारा सिंह की पीठ और ईशाक खान के सिर पर चोट आई।
तलवार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सकरी पुलिस ने डायल-112 की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी जब्त की।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नोट: यह समाचार बिलासपुर पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति और दर्ज एफआईआर के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपों का अंतिम परीक्षण न्यायालय में विचारण के बाद होगा।

.jpeg)