Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'शराब के लिए पैसे दो'... इनकार किया तो कर दी मारपीट

राहगीर से पैसे मांगकर मारपीट के आरोप में तीन गिरफ्तार, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  / बड़पारा शराब भट्ठी के पास एक राहगीर से कथित तौर पर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर मारपीट करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों को गैर-जमानती धाराओं के तहत न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में बड़पारा शराब भट्ठी के आसपास राहगीरों से विवाद और मारपीट की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तेज की गई।

कोतवाली थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई को बेलादुला निवासी बासुदेव मांझी (39) काम खत्म करने के बाद बड़पारा शराब भट्ठी के पास गुटखा लेने गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद विवेक सराफ ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर विवेक सराफ ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से मारपीट की।

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सराफ (41), अनमोल पाण्डेय (19) और शिवा सोनवानी (23) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि इन दावों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को 11 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, गुंडागर्दी और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नोट: आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा