Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ऑनलाइन लोन के कर्ज ने बनाया चोर, सूने मकानों को बनाता था निशाना

एमआर बना सीरियल चोर, फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखता था चोरी का सोना

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  /  मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की आठ वारदातों का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 32 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल, दो चारपहिया वाहन, एक दोपहिया वाहन तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। कई दिनों तक रात्रिकालीन गश्त, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

10 जुलाई की रात नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध सफेद इंडिगो कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में कार से दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, सब्बल, पेचकस और स्क्रूड्राइवर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई आठ चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

ऑनलाइन लोन के कर्ज ने बनाया चोर

मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा (41) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल, वर्ष 2011 से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य कर रहा था और हर माह 60 से 70 हजार रुपये कमाता था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि विभिन्न ऑनलाइन लोन ऐप से कर्ज लेने के बाद बढ़ते ब्याज और आर्थिक संकट के कारण उसने चोरी करना शुरू कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करता था। रात में सब्बल और अन्य औजारों की मदद से घरों में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी करता था। चोरी के सोने के आभूषणों को मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस और बजाज गोल्ड फाइनेंस जैसी कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेता था। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया अपनाकर गिरवी रखे गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

इस मामले में पुलिस ने तुषार मिश्रा (40) निवासी कैलाश नगर, भिलाई को भी गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि चोरी से प्राप्त कुछ रकम उसके बैंक खाते में भी ट्रांसफर की गई थी।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों से करीब 168 ग्राम सोने के आभूषण (अनुमानित कीमत ₹25 लाख), 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार, एक इंडिगो कार, एक फोर्ड इकोस्पोर्ट और एक एक्सेस स्कूटी सहित कुल लगभग 32 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने साकेत कॉलोनी, मधुबन नगर, विराट नगर, सुंदर नगर, जगदीश विहार और धनोरा सहित कुल आठ मामलों में चोरी करना स्वीकार किया है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा