भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़ / दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका खुशी साहू की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि वह किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर वैशाली नगर थाना में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24) निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 11 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले से बनाई थी हत्या की योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत से लगातार इंकार किए जाने पर उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। वह रायपुर से धारदार हथियार लेकर भिलाई पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था।
कमरे में विवाद के दौरान आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया, फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई प्राणघातक वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत भी कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)