बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में DJ बजाने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने DJ साउंड सिस्टम लगे दो वाहनों के साथ साउंड बॉक्स और एम्प्लीफायर जब्त किए हैं। मामले में दो लोगों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तय मानकों से ज्यादा आवाज में बज रहा था DJ
पुलिस के मुताबिक, गणेश विसर्जन के दौरान कुछ वाहनों पर लगे DJ साउंड सिस्टम में निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में साउंड बॉक्स बजाया जा रहा था। इससे आसपास ध्वनि प्रदूषण और आम लोगों को परेशानी होने की स्थिति बनी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने CG-08/AL-0523 और CG-13/BK-0925 नंबर के दो वाहनों को साउंड बॉक्स और एम्प्लीफायर समेत जब्त किया।
बिजली के तार से संपर्क में आया DJ वाहन
पुलिस ने बताया कि कोतवाली चौक के पास एक DJ वाहन के बिजली के तार के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट की स्थिति भी बन गई थी। पुलिस के अनुसार, इससे संभावित दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता था।
पहले ही दी गई थी नियमों की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, गणेश समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और थाना स्तर पर हुई बैठकों में DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों तथा अनुमति से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई थी।
इसके बावजूद बिना अनुमति बड़े DJ साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में DJ बजाने की बात सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
दो आरोपियों के खिलाफ कोलाहल...
मामले में आशीष तिवारी (26), निवासी ग्राम रममडा, जिला दुर्ग और शिव प्रसाद पटेल (27), निवासी ग्राम जवलपुर, जिला रायगढ़ के खिलाफ 24 सितंबर 2026 को इस्तगासा क्रमांक 01-02/2026 के तहत धारा 15 और 16 कोलाहल अधिनियम में वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा है कि 24-25 सितंबर को गणेश विसर्जन के दौरान DJ का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

