Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

499 क्विंटल चावल कहां गया? PDS गड़बड़ी केस में फरार विक्रेता पुलिस के हत्थे चढ़ा

राशन दुकान में बड़ी गड़बड़ी का आरोप, 12.89 लाख के खाद्यान्न की कमी; आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़: TODAY छत्तीसगढ़  / धरमजयगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। ससकोबा उचित मूल्य दुकान के फरार विक्रेता बिहारी राठिया (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चार रजिस्टर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांच में 12.89 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी

मामला धरमजयगढ़ तहसील के ससकोबा शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 से जुड़ा है। खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को दुकान की जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया था। खाद्य विभाग के अनुसार, इन खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 12.89 लाख रुपये है। जांच में अगस्त महीने के दौरान हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद राशन वितरण नहीं किए जाने की बात भी सामने आई थी।

तीन लोगों पर दर्ज हुआ था केस

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया।

इस प्रकरण में उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया फरार था।

बस से गांव लौटते वक्त पकड़ा गया

चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस को 22 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी धरमजयगढ़ से बस में बैठकर अपने गांव आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक, रैरूमाखुर्द के पास घेराबंदी कर बिहारी राठिया को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने ससकोबा उचित मूल्य दुकान में फरवरी से अगस्त 2026 के बीच चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी किए जाने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चार रजिस्टर जब्त किए गए हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारी राठिया पिता बृक्ष सिंह राठिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ससकोबा जूनापारा, चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा