Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कवर्धा में 54 करोड़ की सड़क! शहर में एंट्री लेते ही दिखेगी धर्मनगरी की नई पहचान

कवर्धा को फोरलेन सड़क की सौगात, अरुण साव-विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

कवर्धा: TODAY छत्तीसगढ़  / कवर्धा शहर के सड़क नेटवर्क और प्रवेश मार्गों का स्वरूप बदलने की दिशा में बड़ा काम शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 54 करोड़ रुपये की लागत से 7.8 किलोमीटर सड़क को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। सड़क के साथ डिवाइडर का निर्माण होगा और रायपुर व बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में इस परियोजना का भूमिपूजन किया।

चंद्रयान हॉस्पिटल से जोराताल ..

प्रस्तावित फोरलेन सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर कवर्धा शहर से होते हुए जोराताल के आगे तक जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के करीब किलोमीटर 50 से 57 के बीच 7.8 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन और डिवाइडर निर्माण किया जाएगा। इससे शहर के भीतर और प्रमुख मार्गों पर यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के ...

परियोजना की खास बात यह है कि रायपुर और बिलासपुर की ओर बनाए जाने वाले दोनों प्रवेश द्वारों को धर्मनगरी कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा। इससे शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों को नया स्वरूप देने के साथ कवर्धा की पहचान को भी उभारने की योजना है।

कवर्धा के अलावा आसपास के...

कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपये, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपये, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपये और नगर पंचायत पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा की गई।

शिक्षा और पर्यटन पर भी फोकस

विजय शर्मा ने कार्यक्रम में बताया कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से जुड़े काम शामिल हैं।

कवर्धा में करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर विकसित किया जा रहा है। यहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा प्रस्तावित है। नए बस स्टैंड तक पहुंच के लिए घोटिया रोड का निर्माण भी कराया गया है। भोरमदेव परिसर, तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्यों का उल्लेख किया गया।

अरुण साव बोले- बुनियादी सुविधाओं के ..

कार्यक्रम में अरुण साव ने कहा कि सरकार सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उनके मुताबिक पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल जनता के विकास में किया जा रहा है और गांव से शहर तक अधोसंरचना के काम आगे बढ़ रहे हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में सड़क, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है।

सांसद संतोष पांडेय ने भी गिनाए ..

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि फोरलेन सड़क और दोनों प्रवेश द्वार कवर्धा की पहचान को नया स्वरूप देंगे। उन्होंने क्षेत्र में सड़क और रेल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रस्तावित कार्यों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा