Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रायगढ़ में खुला नया संगीत कॉलेज, BPA में एडमिशन का मौका; यहां जानें पूरी डिटेल

संगीत प्रेमियों के लिए खुशखबरी! नए सरकारी कॉलेज में एडमिशन शुरू, 28 सितंबर तक मौका

रायगढ़: TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नए शासकीय संगीत महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज में जल्द ही अध्यापन कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल अस्थायी परिसर में कक्षाएं शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। इसी सिलसिले में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के साथ प्रस्तावित परिसर का निरीक्षण किया।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यहां बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (BPA) के तहत संगीत, नृत्य और रंगमंच की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुसार, शुरुआती चरण में महाविद्यालय का संचालन क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र, रायगढ़ से किया जाएगा। परिसर में विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कमरों के रिनोवेशन के साथ दरवाजे-खिड़कियां, टाइल्स और अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। संगीत वाद्ययंत्र और फर्नीचर की व्यवस्था भी की जा रही है। इन कामों को करीब एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

महाविद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है। शुरुआती दौर में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।

नए कॉलेज में बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स के तहत विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य और रंगमंच में अध्ययन का अवसर मिलेगा। इससे रायगढ़ और आसपास के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर कला शिक्षा हासिल करने का विकल्प मिलेगा। प्रवेश के लिए विद्यार्थी किरोड़ीमल शासकीय पीजी महाविद्यालय, रायगढ़ से पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, फॉर्म जिले की आधिकारिक वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।

रायगढ़ में संगीत महाविद्यालय शुरू करने की घोषणा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की थी। अब प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के साथ कॉलेज में अध्यापन शुरू करने की तैयारियां आगे बढ़ गई हैं। रायगढ़ जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी संगीत से जुड़े शैक्षणिक पदों की हालिया सूचनाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

आवेदन की अंतिम तारीख: 28 सितंबर 2026

अधिक जानकारी के लिए नोडल अधिकारी डॉ. आनंद शर्मा से मोबाइल नंबर 9827897200 पर संपर्क किया जा सकता है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा