TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के तहत साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘साइबर जागृति सेल्फी’ ली। इस दौरान उन्होंने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध से सुरक्षित समाज बनाने के लिए आम लोगों की जागरूकता और सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
OTP और PIN किसी से शेयर न करें
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने लोगों से साइबर ठगी से बचने के लिए कई सावधानियां बरतने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक:
- किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP शेयर न करें।
- अनजान APK लिंक पर क्लिक न करें।
- अनजान लोगों की WhatsApp वीडियो कॉल न उठाएं।
- ATM PIN और आधार नंबर किसी के साथ साझा न करें।
- सोशल मीडिया पर निजी और संवेदनशील जानकारी पोस्ट करने से बचें।
- अपने बैंक अकाउंट और सोशल मीडिया के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें।
- किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें।
- मोबाइल ऐप केवल Play Store या App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें।
साइबर फ्रॉड हो तो तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड होता है तो बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
पुलिस का संदेश है कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी सावधानी बड़ी ठगी से बचा सकती है। अनजान लिंक, कॉल, मैसेज और ऐप को लेकर सतर्क रहें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

