राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस की रात्रि “ब्लैक पैंथर टीम” ने कार्रवाई करते हुए आम लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे हैं और लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना पर बसंतपुर पुलिस और ब्लैक पैंथर टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भरत पटेल (18), दानिश खान कुरैशी (22) और देवी साहू (21) को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे के धारदार चाकू बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी देवी साहू आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
