रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। तमनार पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया और कड़ी फटकार लगाते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में एक युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और स्टंट करते हुए बाइक चलाता नजर आया। जांच में यह वीडियो तमनार थाना क्षेत्र का पाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) निवासी ग्राम कुंजेमुरा के रूप में की।
पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की, जहां उसने वीडियो खुद बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी के खतरों और कानूनी परिणामों से अवगत कराया। इसके बाद युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
