Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

महिला से छेड़छाड़: मोबाइल में कैद हुए आरोपी, पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  / महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 3 मई को अपने पति के साथ मायके सक्ती से मोटरसाइकिल से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल वाहन को ढकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे।

महिला ने बताया कि ग्राम कुसमुरा तालाब के पास वह शौच के लिए गई थी। इसी दौरान कार क्रमांक CG 13 AM 1892 से पहुंचे दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धमकी देकर फरार हो गए।

महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की मोबाइल से तस्वीर खींच ली और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान चैतन्य राणा और उत्तरा कुमार श्रीवास के रूप में की।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की मारुति सुजुकी सेलरियो कार, चाबी और आरसी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com