LATEST NEWS
Loading Latest News...
सूरजपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सूरजपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बैगलेस डे पर बच्चों ने लगाई पोषण वाटिका, मिला न्योता भोजन

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बैगलेस डे के अवसर पर शिक्षा को पोषण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने की पहल की गई। राज्य शासन के अनुसार, जिले के लगभग 500 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में एक साथ पोषण वाटिका निर्माण, न्योता भोजन, अतिरिक्त पूरक पोषण आहार वितरण तथा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का आयोजन किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसरों में सेमी, लौकी, बरबट्टी, खीरा और तरोई सहित विभिन्न मौसमी सब्जियों का रोपण किया गया। इन पोषण वाटिकाओं में तैयार होने वाली ताजी सब्जियों का उपयोग प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत बच्चों के मध्यान्ह भोजन में किया जाएगा।

शासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और पोषण के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करना भी है।

बैगलेस डे पर कई विद्यालयों में "न्योता भोजन" का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के लिए फल, मिठाई एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया। वहीं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक के अनुसार, बैगलेस डे केवल पुस्तकों से अलग एक दिन नहीं, बल्कि बच्चों को जीवनोपयोगी कौशल, सामुदायिक सहयोग, श्रम का सम्मान और प्रकृति से जुड़ाव सिखाने का प्रभावी माध्यम है। उनके अनुसार, सूरजपुर का यह नवाचार शिक्षा, पोषण और जनसहभागिता के समन्वित मॉडल के रूप में अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकता है।

सूरजपुर में पुलिस टीम पर हमला, डीएसपी समेत कई जवान घायल

सूरजपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में शुक्रवार को वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना में डीएसपी समेत करीब 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस की एक टीम हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गिरफ्तारी का विरोध किया और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पुलिस दल पर हमला किया। इस दौरान पुलिस की पांच बसों और अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, हालात को नियंत्रित करने के लिए सरगुजा संभाग से 400 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत वाटर कैनन और आंसू गैस से लैस पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 


#VIDEO: दंतैल को छेड़ना पड़ा भारी, हाथी ने युवकों को दौड़ाया; बाल-बाल बची जान

बिलासपुर। जंगल से गुजर रहे एक दंतैल हाथी को छेड़ना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। हाथी ने अचानक आक्रामक होकर युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए युवक मौके से भागे और किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र के सिंघरा गांव का बताया जा रहा है जहां एक दंतैल हाथी के साथ मस्ती करना कुछ युवकों को भारी महंगा पड़ सकता था। 

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक दंतैल हाथी जंगल के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके काफी करीब जाकर उसे परेशान करने की कोशिश की। इससे हाथी भड़क गया और तेज रफ्तार से उनकी ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाकर भागने लगे।

गनीमत रही कि सभी युवक समय रहते वहां से निकल गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि हाथी सामान्यतः बिना वजह हमला नहीं करता, लेकिन उसे उकसाने या रास्ता रोकने पर वह आक्रामक हो सकता है। 

वन विभाग लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि जंगल या हाथियों के विचरण क्षेत्र में उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब जाने, उन्हें छेड़ने, शोर मचाने या वीडियो बनाने के लिए जोखिम उठाने से बचें। ऐसा करना न केवल अपनी जान को खतरे में डालना है, बल्कि वन्यजीवों को भी अनावश्यक रूप से उत्तेजित करता है।

नोट: वायरल वीडियो के स्थान और समय की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

झाड़ू के नीचे छिपा था करोड़ों का गांजा! बस रोकते ही पुलिस भी रह गई दंग

सूरजपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने एक यात्री बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को झाड़ू और अन्य सामान के बीच छिपाकर रखा था, लेकिन जांच के दौरान उनकी चालाकी पकड़ी गई। पुलिस ने मामले में छह महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में पुलिस को संदिग्ध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और अंबिकापुर से मध्यप्रदेश के कटनी जा रही नीलम ट्रांसपोर्ट की एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। 

शुरुआती जांच में बस सामान्य यात्री वाहन की तरह नजर आई, लेकिन सामानों की बारीकी से जांच करने पर झाड़ू और अन्य घरेलू सामग्री के बीच टोकरी में छिपाकर रखा गया साढ़े 8 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार बरामद गांजे की कीमत साढ़े 4 करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस दौरान बस में सवार कई लोग मौक़ा पाकर भाग निकले लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर 6 महिलाओं को पकड़ा। 

पुलिस का कहना है कि तस्कर अब मादक पदार्थों की तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी ट्रकों में सामान के नीचे तो कभी निजी वाहनों में गुप्त खानों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जाती है। अब यात्री बसों को भी इस अवैध कारोबार का माध्यम बनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यदि यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंच जाती तो मध्यप्रदेश सहित अन्य क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की आपूर्ति हो सकती थी। समय रहते की गई कार्रवाई से न केवल तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने के सुराग भी मिले हैं।

फिलहाल पुलिस हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

जंगल किनारे कार में संदिग्ध स्थिति में मिले गुरूजी और छात्रा, शिक्षक स्कूल से हटाया गया


सरगुजा।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में एक शिक्षक और कॉलेज छात्रा से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। घटना बतौली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दोनों एक कार में संदिग्ध स्थिति में ग्रामीणों के हाथ लग गये ।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवकों ने रात के समय जंगल किनारे खड़ी कार को संदेह के आधार पर देखा और पास जाकर वीडियो बना लिया। इस दौरान दोनों को बाहर आने के लिए कहा गया, जिसका छात्रा द्वारा विरोध किया गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश जायसवाल द्वारा मामला शांत करने के प्रयास भी दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।  मामले में शिकायत मिलने पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटाकर उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।

ACB की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार


सूरजपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /   छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले में एसीबी की टीम ने एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहटा निवासी रूप सिंह ने एसीबी अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित उनकी जमीन के नामांतरण और नौकरी संबंधी पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। 22 अप्रैल को की गई कार्रवाई में आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एसीबी मामले की आगे जांच कर रही है। 

जुआ खेलते आरक्षक का VIDEO वायरल, टीआई समेत दो निलंबित


सूरजपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है। जुआ खेलते एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और संबंधित आरक्षक को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। 

जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना में पदस्थ थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा को पदीय दायित्वों में लापरवाही के चलते निलंबित किया गया है। वहीं उनके वाहन चालक आरक्षक पंकज सिंह को भी निलंबन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। वायरल वीडियो में आरक्षक पंकज सिंह जुए के फड़ में बैठकर जुआ खेलते नजर आ रहा था। वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठने लगे। 

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में लापरवाही सामने आने पर थाना प्रभारी को भी जिम्मेदार ठहराया गया। इसके बाद दोनों को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया। इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

कुदरगढ़ धाम में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना


सूरजपुर।
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर स्थित कुदरगढ़ धाम पहुंचकर मां कुदरगढ़ी की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने माता रानी के चरणों में प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और जन-जन का जीवन सुरक्षित एवं समृद्ध बने।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व आस्था, शक्ति और नव ऊर्जा का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मकता और उत्साह का संचार करता है। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे।

कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने विकास कार्यों की दी सौगात


सूरजपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बागेश्वरी के आशीर्वाद से कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर उन्हें जिलेवासियों को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी और स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी। उन्होंने कुदरगढ़ धाम की आस्था और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे क्षेत्र की पहचान बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुशासन सरकार दूरस्थ अंचलों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा, जिससे प्रदेश के हर क्षेत्र को समान अवसर मिल सके। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस आयोजन के साक्षी बने।

सूरजपुर: गर्लफ्रैंड के सामने ही वन कर्मचारी से मारपीट, गाना बजाकर नाचने के लिए कहा

सांकेतिक तस्वीर 
सूरजपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के सूरजपुर ज़िले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वर्दी पहने एक व्यक्ति के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की जाती दिख रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो कोतवाली थाना क्षेत्र के एक नर्सरी परिसर का है और उसमें दिख रहा व्यक्ति वन विभाग का कर्मचारी है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक वनकर्मी से बहस करते और फिर उसके साथ मारपीट करते दिखाई देते हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि उसे गाना बजाकर नाचने के लिए कहा जा रहा है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी एक महिला के साथ नर्सरी परिसर में मौजूद था, जिसे लेकर कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। इसके बाद कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।

इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।  

बंद कमरे में सिगड़ी बनी काल, दंपती और मासूम बेटी की दम घुटने से मौत


सूरजपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / ठंड से बचने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट चन्दरपुर गांव में मंगलवार रात बंद कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए पति-पत्नी और उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी की दम घुटने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय कवल सिंह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कुंती और चार साल की बेटी रात में कमरे के भीतर पत्थर कोयले की सिगड़ी जलाकर सो गए थे। जिस कमरे में वे सो रहे थे, वहां न तो खिड़की थी और न ही रोशनदान। देर रात सिगड़ी से उठे धुएं और जहरीली गैस के कारण कमरे में घुटन बढ़ती गई और तीनों की मौत हो गई।

आज बुधवार सुबह देर तक घर से कोई गतिविधि नहीं दिखने पर पड़ोसियों को आशंका हुई। दरवाजा खुलवाने पर तीनों को अचेत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजन बदहवास हैं।

Chhattisgarh: जंगल में मिला बाघ का शव, शिकारी हमले की आशंका


सूरजपुर | 
TODAY छत्तीसगढ़  /जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र से सटे भैंसामुंडा क्षेत्र के जंगल में बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत ने वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में बाघ के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे शिकारी हमले की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव का परीक्षण कर पोस्टमार्टम किया गया, पोस्टमार्डम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ वन अधिकारी भी मौके पर पहुंचें । आसपास के जंगल क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिल सके।

वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई ने बताया कि यह क्षेत्र सूरजपुर जिले का सरहदी वन इलाका है, जहां संरक्षित वन्यजीवों की विशेष निगरानी की आवश्यकता रहती है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Surajpur Double Murder : माँ-बेटी की हत्या में कबाड़ी कुलदीप के अलावा NSUI का जिला अध्यक्ष चंद्रकांत भी शामिल, पाँच आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर /   TODAY छत्तीसगढ़  /  सूरजपुर के दोहरे हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने प्रधान आरक्षक की पत्नी और पुत्री की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के साथ पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सूरजपुर के एनएसयूआई अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी भी शामिल है।   

                                       

आईजी अंकित गर्ग ने मीडिया से चर्चा में बताया कि हत्या के आरोपियों में कुलदीप साहू पिता अशोक साहू के अलावा आर्यन विश्वकर्मा पिता संजय विश्वकर्मा, फुल सिंह पिता गनपथ सिंह, चंद्रकांत चौधरी पिता शिवप्रसाद चौधरी, और सूरज साहू पिता राजाराम साहू हैं। पांचों ने मिलकर प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और पुत्री की हत्या की।

आईजी ने बताया कि आदतन अपराधी कुलदीप साहू की एक पुलिसकर्मी से बहस हुई थी। इसके बाद कुलदीप ने आरक्षक पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद कुलदीप के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू की गई।


Surajpur Double Murder Case : कुलदीप गिरफ़्तार, बलरामपुर पुलिस ने यात्री बस में पकड़ा


 सूरजपुर / 
TODAY छत्तीसगढ़  / दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को बलरामपुर पुलिस ने झारखंड की ओर से आ रही एक यात्री बस से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी को साइबर सेल में रखा गया है, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

आपको बता दें कि कुलदीप साहू ने रविवार की रात सूरजपुर में कोतवाली थाना के प्रधान आरक्षक तालिब शेख के घर का दरवाजा तोड़कर उसकी पत्नी और मासूम बेटी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों के शवों को पीढ़ा गांव के गोठान के पास फेंक दिया। घटना के बाद सूरजपुर में लोग आक्रोशित हो उठे, आरोपी कुलदीप के घर को आग के हवाले कर दिया और मौके पर मौजूद SDM की जमकर पिटाई की। दोहरे हत्याकांड से जहाँ सूरजपुर गर्म रहा वहीँ सियासी चेहरे भी कानून वयवस्था पर सवाल खड़े करते रहे। 

Surajpur Double Murder Case : आरोपी को पकड़ने पर 50 हजार और एनकाउंटर करने पर 1 लाख का ईनाम, पुलिस का हाथ खाली

तस्वीर / प्रधान आरक्षक तालिब शेख की मृतक पत्नी व बेटी, इनसेट में आरोपी कुलदीप साहू।  TCG  

 सूरजपुर / 
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सूरजपुर दोहरे हत्याकांड का मुख्‍य आरोपी कुलदीप साहू अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।  पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपी कुलदीप की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पिछले 36 घंटे की मशक्कत के बाद भी खाली हाथ घूम रही पुलिस ने फरार आरोपी कुलदीप पर ईनाम की घोषणा कर दी है। 

जानकारी के अनुसार पुलिस परिवार की तरफ से कुलदीप साहू को पकड़ने वाले को 50 हजार रूपये और एनकाउंटर करने वाली टीम को एक लाख रुपये नगद पुरस्‍कार दिया जाएगा । बता दें क‍ि पुलिस परिवार एक संगठन है, जो प्रदेश में पुलिस कर्मचारियों के कल्‍याण के लिए संघर्ष करता है। 

बताते चलें कि सूरजपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी व बेटी की रविवार देर रात तलवार से गला रेत कर हत्या कर दी गई थी । घटना की जानकारी तब सामने आई जब प्रधान आरक्षक ड्यूटी से घर लौटा तो उसने देखा कि घर में खून के निशान थे और उसकी पत्नी और बेटी गायब थे। दोनों की लाश कल सोमवार की सुबह सूरजपुर जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर ग्राम पीढ़ा में नग्न अवस्था में बरामद हुई थी। दोहरे हत्याकांड से आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगाई और बीच-बचाव करने गए एसडीएम जगन्नाथ वर्मा को जमकर पीटा। मौक़ा देखकर SDM वर्मा गुस्साई भीड़ से निकलकर भागे और अपनी जान बचाई। SDM का जान बचाकर भागने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ है।

सरगुजा पुलिस के रिकार्ड को माने तो कुलदीप साहू आदतन अपराधी है, इसके पहले भी उसने कई पुलिस वालों को जान से मारने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुआ। सूरजपुर की घटना के बाद जिले के पुलिस कप्तान ने साफ़ कर दिया था कि आरोपी कोई भी हो बख़्शा नहीं जाएगा क्यूंकि हमला पूरे पुलिस परिवार पर हुआ है।  

Double Murder : सूरजपुर में बवाल, गुस्साई भीड़ ने आरोपी का घर फूंका, जान बचाकर भागे SDM



सूरजपुर / 
सूरजपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी व बेटी की तलवार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी तब सामने आई जब प्रधान आरक्षक ड्यूटी से घर लौटा तो उसने देखा कि घर में खून के निशान थे और उसकी पत्नी और बेटी गायब थे। दोनों की लाश सोमवार की सुबह सूरजपुर जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर ग्राम पीढ़ा में नग्न अवस्था में बरामद हुई।

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगाई और बीच-बचाव करने गए एसडीएम जगन्नाथ वर्मा को जमकर पीटा। मौक़ा देखकर SDM वर्मा गुस्साई भीड़ से निकलकर भागे और अपनी जान बचाई। आपको बता दें कि पुलिस ने रात में ही कई स्थानों की घेराबंदी की थी और कई वाहनों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध वाहन जो पुलिस को देख भाग रहा था। पुलिस ने उसके टायर पर फायरिंग की जिसके बाद वह कार को छोड़कर वहां से भाग गया। यह कार सूरजपुर के आदतन अपराधी कुलदीप साहू की है, जो इस घटना को अंजाम देने से कुछ दिन पूर्व सूरजपुर चौपाटी में एक आरक्षक घनश्याम सोनवानी पर खौलता तेल डाल दिया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका उपचार अंबिकापुर मिशन अस्पताल में चल रहा है।

उसके बाद उसने सूरजपुर थाने के पास खड़े प्रधान आरक्षक तालिब शेख को अपनी कार से कुचलने का असफल प्रयास किया था। पुलिस कुलदीप साहू की तलाश कर ही रही थी कि रविवार की रात जब प्रधान आरक्षक तालिब शेख ड्यूटी पर गया हुआ था, तब उसने उसके घर में घुसकर पत्नी और बेटी की तलवार से गला रेत हत्या कर दी और दोनों की लाश को ग्राम पीढ़ा में खेत में फेंक दिया था।

घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। एसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे हुए थे। घटना कोतवाली थाना इलाके के महगांवा क्षेत्र की है।

ऐसी आतंकी गतिविधियां किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी-एसपी

"पुलिस अधीक्षक सूरजपुर एमआर अहिरे ने कहा कि ये पुलिस परिवार पर हमला है। ऐसी आतंकी गतिविधियां किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपी कुलदीप साहू को पकडने में लगी हुई है। जगह-जगह छापा मारकर उसकी तलाश की जा रही है।"

बेखौफ़ दहशतगर्द : पुलिस वाले की पत्नी और बेटी की हत्या, संदेहियों से पूछताछ


 सूरजपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ में लगातार कानून व्यवस्था पर खड़े होते सवाल के बीच माँ बेटी की जघन्य हत्या का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सरगुजा क्षेत्र के सूरजपुर इलाके के महगवां ग्राम की बताई जा रही है। 

 जानकारी के मुताबिक़ सूरजपुर के महगवां रिंग रोड पर किराए के मकान में रहने वाले प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी पिछले दिनों अचानक लापता हो गई। घटना की शिकायत मिलने पर प्रधान आरक्षक और पुलिस की टीम आस-पास के क्षेत्र में तलाश के लिए निकली और कई लोगों से पूछताछ करती रही। घंटों की मशक्कत के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा, इसी बीच आज सुबह करीब 9 बजे महगवां रिंग रोड से 10 किलोमीटर दूर पीढ़ा-जूर मार्ग में सड़क किनारे दो अलग-अलग गढ्ढे में लाश होने की सूचना पुलिस को मिली।   

सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने लाश की शिनाख्त प्रधान आरक्षक की लापता पत्नी मेहनाज शेख और बेटी आलिया के रूप में की। मौके पर लाश की पड़ताल करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्डम के लिये भेजा है। प्रधान आरक्षक तालिब शेख ने पत्नी और बेटी की हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है। मौके से बरामद शव को देख पुलिस भी यह मान रही है कि आरोपियों ने माँ बेटी की हत्या कर लाश को सड़क किनारे गढ्ढों में फेंक दिया होगा। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर कई तथ्यों पर जांच शुरू की है, इलाके के संदेहियों से भी पूछताछ की जा रही है।  

छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता टीएस सिंहदेव ने सूरजपुर में हुए दोहरे हत्याकांड पर दुःख व्यक्त करते हुए प्रदेश की साय सरकार को सवालों के कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से X पर लिखा है - 

अवैध नशीली दवाइयों के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही, तीन आरोपी गिरफ्तार


TODAY छत्तीसगढ़  / सूरजपुर / रविवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता को विश्वस्त सूत्र से जानकारी मिली कि जिला कोरिया की ओर से स्वीफ्ट कार में कुछ लोग नशीली दवाई लेकर सूरजपुर की ओर आ रहे है। पुलिस अधीक्षक ने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की धरपकड़ के लिए तत्काल पुलिस की ज्वाईंट टीम को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। 

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस की ज्वाईन्ट टीम के द्वारा कमलपुर चौक धनेशपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर एक स्वीफ्ट डिजायर कार को रोकवाया जिसमें जिला कोरिया के सब्बीर अहमद, अयाज खान व तारीक अहमद मिले जिनके कब्जे से 50 नग रिलेक्स कॉफ कफ सिरप एवं स्पास्मो टेबलेट 696 नग जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत 50 हजार रूपये है। पुलिस ने नशीली दवाई एवं परिवहन में प्रयुक्त स्वीफ्ट डिजायर कार सीजी 29 ए 0251 जप्त करते हुए तीनों के विरूद्व धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने बताया कि जिले में अवैध कारोबार करने वालों के विरूद्व कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध कार्यो की सूचना हम तक पहुंचाए निश्चित तौर पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। 

हाथी के शव से गायब दांत : तीन आरोपी गिरफ्तार, दांत बरामद


TODAY छत्तीसगढ़  / सूरजपुर /  जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र में लगभग 15 दिन पहले मिले हाथी के शव से गायब दांत वन विभाग के गले का फांस बन गया था। पिछले कई दिनों की मशक्क्त और तलाश के बाद आखिरकार सोमवार को वन अमले ने हाथी दांत बरामद कर लिया और इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

 सूरजपुर का प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में पिछले दो दशक से लगभग 50 से ज्यादा हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। ऐसे में हाथियों की मौत भी वन विभाग के लिए परेशानी का सबब बना रहता है। 11 जून को प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के दरहोरा जंगल में एक नर दंतैल हाथी का शव सड़ी-गली हालत में मिला था और उस हाथी का दांत गायब था। ऐसे में वन विभाग पर हाथियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे तो वहीं हाथी के गायब दांत को तस्करों से जोड़कर देखा जा रहा था। इस घटना के बाद वन विभाग के कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे थे और वन विभाग के अमले ने हाथी दांत गायब करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के लिए दिन-रात एक कर दिया था। 

                                               

जंगल के भीतर हाथी का सड़ा-गला शव देख चरवाहे ने वन कर्मियों को नींद से जगाया, अंदरूनी क्षेत्रों में नहीं जाते अफसर और कर्मचारी


TODAY
 छत्तीसगढ़  / 
सरगुजा / छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार को एक नर दंतैल (टस्कर) हाथी का शव मिला है। शव सड़ी-गली हालत में था। आशंका है कि उसकी मौत करीब 10 से 12 दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है। हाथी की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रदेश में एक साल के दौरान 12 हाथियों की मौत हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि हाथी किस दल का है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें    

जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के दरहोरा बीट के कक्ष क्रमांक 101 में नर हाथी का शव पड़े होने की सूचना वन विभाग को मिली थी। यह इलाका असनापारा व पकनी के बीच के जंगल के क्षेत्र का बताया जा रहा है। हाथी की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। हर बार की तरह चरवाहे से ही विभाग को हाथी के शव की जानकारी मिली। अफसरों का कहना है कि अंदरूनी क्षेत्र के चलते पता नहीं चला। यहां बताना लाज़िमी होगा कि अधिकांश वन क्षेत्रों के भीतरी इलाकों तक न अफसर जाते हैं ना ही कर्मचारी। जंगल के भीतरी  ख़बरें ज्यादातर चरवाहों या फिर ग्रामीणों के माध्यम से ही बाहर तक आ पाती हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ, जंगल के जिम्मेदार अफसर, कर्मचारी चैन की नींद ले रहें हैं और जंगल के भीतर वन्यप्राणी कभी शिकार तो कभी हादसों की मौत मर रहें हैं। 

                                             
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा