Slider

गौरव नए कलेक्टर होंगे , शर्मा को मंत्रालय में किया गया अटैच , कलेक्टर शर्मा ने पहले मोबाईल तोड़ा फिर बोले 'मारो.. मारो... मारो...

TODAY छत्तीसगढ़  / सूरजपुर / कोरोना के तेजी से फैलते प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन लगाया गया है। प्रशासन सख्त है और घर से बाहर बेवजह निकलने वालों पर कार्यवाही कर रहा है। राज्य के सूरजपुर जिले से ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। जहां कलेक्टर ने एक युवक का फोन पटक दिया और उसे डंडे से पिटवाया। हालाँकि सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले  की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रणवीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाकर मंत्रालय में अटैच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। आपको बताते चले कि शर्मा पर पहले भी भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगे हैं। अब गौरव कुमार सिंह सूरजपुर जिले के नए कलेक्टर होंगे, गौरव वर्तमान में रायपुर जिला पंचायत में सीईओ के पद पर कार्यरत थे। युवक के साथ किये गए दुर्व्यवहार को लेकर स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने ट्वीटर के माध्यम से घटना की निंदा की है। 

 TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें  

वीडियो में एक युवक हाथ में एक पर्ची पकड़ा हुआ है और वह कलेक्टर को दिखाने की कोशिश कर रहा है। तभी वह मोबाइल पर उन्हें कुछ दिखाता है। यह देखते ही कलेक्टर रणवीर शर्मा उसका फोन ज़ोर से जमीन पर दे मारते हैं और युवक को एक तमाचा जड़ देते हैं। इससे पहले कि युवक कुछ बोल पाता कलेक्टर जवानों को उसे मारने का आदेश देते हैं और जवान एक के बाद एक लड़के पर लाठियां बरसाने लगते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान साहिल गुप्ता के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लॉकडाउन के कथित उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साहिल अपने पिता और माता के लिए दवाई लेने मेडिकल स्टोर के लिए निकला था। इसी दौरान भैयाथान चौक के पास जिला कलेक्टर रणवीर शर्मा ने उसे रुकवा लिया। युवक ने बताया कि वह दवाई लेने जा रहा है। इसकी पुष्टि करने के लिए उसने दवाई की पर्ची भी दिखाई लेकिन कलेक्टर ने उसकी नहीं सुनी और चांटा मार दिया।  

सोशल मीडिया पर लोग कलेक्टर को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं। अवनीश नाम के एक यूजर ने लिखा “कलेक्टर को 2 तमाचे मारना चाहिए और उसे उस लड़के को नया फोन खरीद कर देना चाहिए। उसके उसे न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी चोट पहुंचाई है।” 

सूरजपुर जिले के कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अपने बयान में कहा, आज सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें मुझे एक आदमी को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है जो लॉकडाउन के दौरान बाहर था। आज के व्यवहार के लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। उस व्यक्ति का अनादर करने का मेरा कोई इरादा नहीं था। 

कलेक्टर ने बयान में कहा, इस महामारी की स्थिति में सूरजपुर जिले समेत पूरे छत्तीसगढ़ राज्य को अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ रहा है। राज्य सरकार के हम सभी सरकारी कर्मचारी इस समस्या से निपटने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। 

 देखिये NDTV की ये रिपोर्ट -      

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com