LATEST NEWS
Loading Latest News...

खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं - अरुण साव

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई का औचक निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यों को जल्दी पूरा करने, सुविधाएं बढ़ाने तथा प्रशिक्षण केंद्र की अधोसरंचना को मजबूत करने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निरीक्षण के दौरान मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी एवं फ्लड लाइट, कबड्डी इण्डोर व आउटडोर मैदान, एच.व्ही.ए.सी. कार्य तथा आउटडोर स्टेडियम के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से हॉस्टल के रखरखाव की जानकारी लेते हुए नाराजगी व्यक्त की कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि उपलब्ध होने के बावजूद आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय पर नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की उपलब्धता के बाद भी काम में देरी स्वीकार्य नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यों की धीमी गति पर नाखुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों से कहा कि बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मुख्यालय है। यहां खिलाड़ियों की सुविधा बढ़ाने किए जा रहे कार्यों की गति बहुत धीमी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता, एसडीओ, कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें योजनाबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने संयुक्त बैठक कर लंबित कार्यों को जल्दी पूरा करने की कार्ययोजना बनाने तथा 15 दिनों के भीतर सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की वस्तुस्थिति के बारे में उप मुख्यमंत्री कार्यालय आकर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता श्री बी.बी.एस. गौतम को दिए।

श्री साव ने इण्डोर स्टेडियम में मैपलवुड फ्लोरिंग के लिए वर्ष 2017 में कार्यादेश जारी होने के बावजूद इसके अब तक अधूरे रहने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी तथा उप अभियंता पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक कार्यों का लंबित रहना गंभीर विषय है। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इण्डोर स्टेडियम में एच.व्ही.ए.सी. कार्य के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के पहले स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एच.व्ही.ए.सी. कार्य तेजी से पूर्ण करने तथा डक्टिंग की पूर्ण रूप से सफाई करने को कहा। उन्होंने एस.ई.सी.एल. द्वारा दो करोड़ की लागत से बनाए जा रहे तीरंदाजी मैदान के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान इसका निर्माण आगामी जुलाई तक पूर्ण कराने के निर्देश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री ए. एक्का को दिए। उन्होंने आउटडोर स्टेडियम में स्थापित हाई मास्ट लाइट के तत्काल मरम्मत के भी निर्देश दिए। 

श्री साव ने निर्माणाधीन कबड्डी इण्डोर एवं आउटडोर मैदान की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को प्रमुख अभियंता कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर जानकारी प्रस्तुत करने तथा मंत्रालय से समन्वय कर पुनरीक्षित स्वीकृति प्राप्त करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने हॉकी मैदान में बन रहे पैवेलियन में अधिकारियों के लिए टॉयलेट बनाने के साथ ही दर्शकों के लिए टॉयलेट की संख्या में बढ़ोतरी के भी निर्देश दिए।

रील के चक्कर में जान न गंवाएं, पुलिस ने युवाओं को दिखाई हकीकत


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को गुरु घासीदास विद्यालय, बिलासपुर के रजत जयंती सभा कक्ष में एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान विशेष यातायात प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में 1000 से अधिक स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। यातायात पुलिस ने युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।

युवा वर्ग पर विशेष फोकस

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित वर्ग युवा वर्ग है। इसी कारण जनजागरूकता अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के समूहों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि उनमें यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके।

 रील, स्टंट और लापरवाही पर चेतावनी

प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को सोशल मीडिया पर व्यूज बढ़ाने के लिए खतरनाक स्टंट करने, तेज रफ्तार वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने, एयरबड लगाकर वाहन चलाने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, तेज आवाज वाले वाहन चलाने तथा अमानक हेडलाइट का उपयोग करने जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने जैसी लापरवाहियों पर भी विस्तार से समझाइश दी गई।

 सुरक्षित यातायात की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक बनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ट्रैफिक सेंस और सिविक सेंस का विकास ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, कर्नल लोकेश देवा, कैप्टन आशीष शर्मा, सूबेदार मेजर देवेश, फर्स्ट ऑफिसर अशोक नागपुरे, रंजू शर्मा, नवीन सिरस्वर, सेकंड ऑफिसर रवि आडीले, पुखराज माझी, नारायण साहू, मृणाल सहित विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी, एनसीसी स्टाफ, आर्मी स्टाफ तथा 1000 से अधिक स्काउट-गाइड कैडेट्स उपस्थित रहे।


कबाड़ी दुकान में गुंडागर्दी, युवक को बंधक बनाकर मांगे पैसे

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ी दुकान में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ एवं अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर रुपये की मांग की। इसके साथ ही प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया।

शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष) निवासी मसानगंज और अब्दुल सफीर (32 वर्ष) निवासी बलराम सिंह प्लॉट यदुनंदन नगर तिफरा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, सरकार पर साधा निशाना

बिलासपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  / प्रदेश में बढ़ती बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में की गई वृद्धि को आम जनता, किसानों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में CSPDCL कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर बिजली बिल में बढ़ोतरी का सीधा असर पड़ रहा है।

 "जनता पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव"

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार बिजली दरों में वृद्धि कर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और छोटे कारोबारियों की आर्थिक स्थिति पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

 आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

 महेंद्र गंगोत्री ने साधा सरकार पर निशाना

जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में चार बार बिजली दरों में वृद्धि की जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ किया गया था और पूरे पांच वर्षों में बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण आम जनता लगातार आर्थिक दबाव झेल रही है और बिजली दरों में बढ़ोतरी इसका ताजा उदाहरण है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की। 


गौ सेवा आयोग अध्यक्ष पर हमला करने की कोशिश, दो युवक जेल भेजे गए

कवर्धा।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विश्वेसर पटेल के साथ बदसलूकी और हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार विश्वेसर पटेल कवर्धा से अपने गृह ग्राम रोहरा कार से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल उनकी कार से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार में अचानक ब्रेक लगने के कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद जब वाहन रोका गया तो मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक बिना किसी ठोस कारण के विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

पत्थर उठाकर हमला करने की कोशिश

पुलिस के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे। विवाद के दौरान उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए पत्थर उठाकर विश्वेसर पटेल पर हमला करने की भी कोशिश की। हालांकि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और किसी प्रकार की गंभीर अनहोनी नहीं हुई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के समय गौ सेवा आयोग अध्यक्ष के साथ कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। चूंकि उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है, ऐसे में घटना के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच में दोनों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई।


जंगल में मिला 'बिग कैट' का शव, मौत के कारणों पर सस्पेंस बरकरार

लोरमी। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  / मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। ग्राम कंचनपुर के समीप जंगल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जंगल किनारे एक तेंदुए को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मौत की वजह अब भी रहस्य

वन विभाग ने फिलहाल तेंदुए की मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। प्रारंभिक तौर पर अधिकारियों द्वारा तेंदुओं के बीच आपसी संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। हालांकि विभाग ने शिकारियों की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।

बढ़ती घटनाओं से उठ रहे सवाल

लोरमी और आसपास के वन क्षेत्रों में लगातार वन्यजीवों की मौत और शिकार की घटनाएं सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।


भाजपा नेता भरत सिंह की जिंदा जलकर मौत! विवाद के बाद फॉर्च्यूनर में लगाई गई आग

कोरिया। (चंद्रकांत पारगीर / नवीन वाहिनीपति)   TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की उनकी फॉर्च्यूनर कार के अंदर जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे किसी विवाद के बाद यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगा दी गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई और अंदर मौजूद भरत सिंह बाहर नहीं निकल सके। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें शिक्षक नागेंद्र सिंह भी शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। 

घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद दूसरी गाड़ी में भी तोड़फोड़ के निशान मिले हैं, जिससे विवाद के बाद हिंसक झड़प होने की आशंका और मजबूत हो गई है।  

स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना का संबंध कथित तौर पर रेत (बालू) कारोबार से जुड़े विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही नौगई गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है।

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही समर्थकों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग गांव और अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आगजनी, विवाद और मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com