बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ी दुकान में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ एवं अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर रुपये की मांग की। इसके साथ ही प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष) निवासी मसानगंज और अब्दुल सफीर (32 वर्ष) निवासी बलराम सिंह प्लॉट यदुनंदन नगर तिफरा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा कंपनी का पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
