बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। घरेलू विवाद और चरित्र शंका के चलते एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार चापड़ से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बंचू राम सोनवानी (64 वर्ष) निवासी दीनदयाल कॉलोनी, संगम नगर ने अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी (60 वर्ष) पर घर के भीतर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर संदेह करता था और इसे लेकर अक्सर विवाद होता था। सोमवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने घर में रखे धारदार चापड़ से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जांच के दौरान परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से सामान्य नहीं थी। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और मेडिकल दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया कि घरेलू विवाद एवं चरित्र शंका के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
