रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में देह व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नकद राशि भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली किनारे एक किराये के मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। पूर्व निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों में महिलाएं और ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
जांच में सामने आया कि महिला दलाल गुंजन चौहान किराये के मकान में युवतियों के माध्यम से देह व्यापार का संचालन कर रही थी। तलाशी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। वहीं पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये भी महिला दलाल के कब्जे से जब्त किए गए।
पुलिस ने महिला दलाल गुंजन चौहान के साथ ग्राहक नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि देह व्यापार जैसे संगठित अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

