लोरमी। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़ / मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। ग्राम कंचनपुर के समीप जंगल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जंगल किनारे एक तेंदुए को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मौत की वजह अब भी रहस्य
वन विभाग ने फिलहाल तेंदुए की मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। प्रारंभिक तौर पर अधिकारियों द्वारा तेंदुओं के बीच आपसी संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। हालांकि विभाग ने शिकारियों की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
बढ़ती घटनाओं से उठ रहे सवाल
लोरमी और आसपास के वन क्षेत्रों में लगातार वन्यजीवों की मौत और शिकार की घटनाएं सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।

