Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

भाजपा नेता भरत सिंह की जिंदा जलकर मौत! विवाद के बाद फॉर्च्यूनर में लगाई गई आग

कोरिया जिले के नौगई गांव में देर रात हुई सनसनीखेज घटना

कोरिया। (चंद्रकांत पारगीर / नवीन वाहिनीपति)   TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की उनकी फॉर्च्यूनर कार के अंदर जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे किसी विवाद के बाद यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगा दी गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई और अंदर मौजूद भरत सिंह बाहर नहीं निकल सके। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें शिक्षक नागेंद्र सिंह भी शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। 

घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद दूसरी गाड़ी में भी तोड़फोड़ के निशान मिले हैं, जिससे विवाद के बाद हिंसक झड़प होने की आशंका और मजबूत हो गई है।  

स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना का संबंध कथित तौर पर रेत (बालू) कारोबार से जुड़े विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही नौगई गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है।

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही समर्थकों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग गांव और अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आगजनी, विवाद और मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com