बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / (नवीन वाहिनीपति) / लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री रजनेश सिंह ने किया। शिविर में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग ने भी रक्तदान कर समाज को मानव सेवा और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाए जा रहे इस विशेष अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, अखंडता और एकता में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में रेडक्रॉस सोसायटी जिला अस्पताल बिलासपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया।
शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बी.एल. गोयल, राजीव अवस्थी, सौरभ सक्सेना सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान आईजी श्री रामगोपाल गर्ग एवं डीआईजी श्री रजनेश सिंह ने स्वयं रक्तदान कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने “नशों में एकता” का संदेश देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर में पुलिस विभाग एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों, प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों तथा एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, डीएसपी लाइन श्रीमती मंजुलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक उमेश साहू, निरीक्षक भावेश शेंडे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

