अंबिकापुर। (नवीन वाहिनीपति ) TODAY छत्तीसगढ़ / शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक और गंभीर घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के केदारपुर इलाके में कुछ युवकों ने एक युवती के साथ कथित रूप से बदसलूकी की और विरोध करने पर उसके भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पुरे घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 5 आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने की बात कही है।
सूत्र बताते हैं कि बीते दिन (6 जून) एक 24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ दवा लेने के लिए बाज़ार जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती को जबरन स्कूटी से खींचने की कोशिश की और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं।
जब युवती के भाई ने आरोपियों का विरोध किया तो बदमाश उस पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान युवती अपने भाई को छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी लगातार हमला करते रहे।
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। बताया जा रहा है कि फुटेज में आरोपियों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
