Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

विधायक से बहस और उसी दिन सस्पेंशन! EO पर गिरी गाज, देखें VIDEO

जनप्रतिनिधि की जीत या अफसरशाही की हार? बयाना विवाद ने खड़े किए सवाल

भरतपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  राजस्थान में एक बार फिर जनप्रतिनिधि और अफसरशाही के बीच टकराव चर्चा का विषय बन गया है। भरतपुर जिले की बयाना नगरपालिका में निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत और अधिशासी अधिकारी (EO) अनीता कुशवाह के बीच हुए विवाद के बाद EO को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय जयपुर स्थित डीएलबी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

यह मामला पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। नगरपालिका कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान विधायक और EO के बीच हुई तीखी बहस सार्वजनिक हो गई थी। विवाद के कुछ ही समय बाद अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।

राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को जनप्रतिनिधि और ब्यूरोक्रेसी के बीच शक्ति संतुलन के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि विवाद में वास्तविक गलती किसकी थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

उल्लेखनीय है कि विधायक ऋतु बनावत पहली बार विधानसभा पहुंची हैं। वह पहले भाजपा से जुड़ी रही हैं, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़कर विजयी हुई थीं। उनके पति ऋषि बंसल भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

सूत्रों के मुताबिक विधायक और EO के बीच विवाद की मुख्य वजह करोड़ों रुपये का एक टेंडर माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल EO के निलंबन ने पूरे मामले को राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का विषय बना दिया है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com