Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कोयला भंडारण में गड़बड़ी मिली, जेसीबी-ट्रेलर जब्त कर डिपो किया सील

कोयला भंडारण में गड़बड़ी मिली, जेसीबी-ट्रेलर जब्त कर डिपो किया सील

बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हाइवा, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक जेसीबी मशीन और एक ट्रेलर वाहन जब्त किया है। इसके अलावा कोयला भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर एक अस्थायी भंडारण डिपो को सील कर दिया गया है। हालांकि इतनी कारवाही के बावजूद जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और बारिश पूर्व भंडारण का काम तेजी से चल रहा है। 

कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 जून को खनिज विभाग और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम गतौरी स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण स्थल की जांच की।

जांच के दौरान कोयले की गुणवत्ता में कथित मिलावट, हेरफेर तथा भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आए। इसके बाद मौके से एक ट्रेलर और एक जेसीबी मशीन जब्त कर कोनी थाना की अभिरक्षा में रखा गया। साथ ही संबंधित भंडारण डिपो को सील कर दिया गया।

इसके बाद 11 और 12 जून को खनिज विभाग की टीम ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया। वहीं सकरी क्षेत्र में रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे दो अन्य हाइवा वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। जिला बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की सीमा से लगे खोगसरा क्षेत्र में दोनों जिलों के खनिज अमले ने संयुक्त जांच की। इस दौरान अरपा नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।

खनिज विभाग ने कुल आठ वाहन एवं मशीनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी, सकरी, तखतपुर और गौरेला की अभिरक्षा में रखा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com