Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रात में चाकू दिखाकर बाइक और मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

लूट की दो वारदात, एक्शन में आई पुलिस और खुल गया पूरा राज

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  / कोतवाली पुलिस ने लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए जोगीडीपा क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहीद सारथी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

पहली घटना 10 जून की रात की है। चांदमारी निवासी किशन साहू अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जोगीडीपा स्थित गंगाराम तालाब के पास आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और उसकी जेब से नकदी निकाल ली। विरोध करने पर मारपीट की गई। इस दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली और फरार हो गया।

इसी रात दूसरी वारदात में इंदिरानगर निवासी अभिषेक नागराज को उसके घर के पास रोककर चाकू दिखाते हुए पैसों की मांग की गई। पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

लगातार हुई दो लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी प्रकाश कुमार सारथी के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद किया है, जबकि शाहीद सारथी से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com