रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज की सोच, संस्कृति और संवेदनाओं को दिशा देने वाली सशक्त विधा हैं। एक अच्छी फिल्म समाज में जागरूकता पैदा करती है और सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा ने समय-समय पर सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने ‘मदर इंडिया’ जैसी फिल्मों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों ने समाज में नैतिक मूल्यों, त्याग और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा का गौरवशाली इतिहास रहा है। प्रदेश की पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘कही देबे संदेश’ ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया था। आज छालीवुड की फिल्में मनोरंजन के साथ-साथ व्यावसायिक सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल और ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार से फिल्मों की पहुंच समाज के हर वर्ग तक हुई है। ऐसे में जिम्मेदार, सकारात्मक और मूल्याधारित सिनेमा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। राज्य सरकार स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने और छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि इसी वर्ष जनवरी में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी तथा ट्राइबल एवं कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, हजारों कलाकारों, तकनीशियनों और श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा फिल्म पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम एवं संस्कृति विभाग को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह कलाकारों और रचनाकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भी प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में 11 देशों में सम्मानित छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छत्तीसगढ़ का भीम - चिंताराम’ का विशेष प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह में मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।
इस अवसर पर सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री पुनीत सेन, वरिष्ठ फिल्म निर्माता श्री मोहन सुंदरानी, फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
