Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट खाली न रहें, हर योजना की बनेगी SOP; PPP मॉडल पर भी नजर

प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद क्या? बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने संचालन और कमाई का बनाया रोडमैप

बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़  / स्मार्ट सिटी के तहत तैयार परियोजनाओं को लंबे समय तक बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए अब हर प्रोजेक्ट की SOP (Standard Operating Procedure) तैयार की जाएगी। इसमें परियोजना के संचालन, रखरखाव, जिम्मेदारियों और बेहतर उपयोग का स्पष्ट खाका होगा। साथ ही इन प्रोजेक्ट्स से राजस्व सृजन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। जरूरत के मुताबिक PPP मॉडल पर काम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्मार्ट सिटी बोर्ड की 20वीं बैठक में हुआ मंथ

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में गुरुवार को बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 20वीं बैठक हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रहे विकास कार्यों, परियोजनाओं की प्रगति और उनके भविष्य के संचालन को लेकर चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने कहा कि परियोजनाओं को केवल तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका बेहतर और दीर्घकालिक उपयोग भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। इसके लिए संचालन एवं रखरखाव की स्पष्ट SOP तैयार करने और तय गाइडलाइन के अनुसार काम करने के निर्देश दिए गए।

जहां जरूरत, वहां PPP मॉडल पर ..

बैठक में परियोजनाओं का उपयोग बढ़ाने के साथ उनसे राजस्व अर्जित करने के विकल्पों पर भी विचार किया गया। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को PPP मॉडल की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए, ताकि उपयुक्त परियोजनाओं का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सके। नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े विषय भी बोर्ड के सामने रखे गए।

अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर जोर

प्रमुख सचिव बोरा ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के संचालन के लिए मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ट्रेनिंग सेंटर के जरिए अधिक लोगों को जोड़ने और अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण व कार्य अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परियोजनाओं में कौन अधिकारी या कर्मचारी किस जिम्मेदारी को संभालेगा, इसे भी स्पष्ट रूप से तय करने की बात कही गई।

एजुकेशन हब और जल परियोजनाओं पर भी चर्चा

बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उपलब्ध BSCL निधि से प्रस्तावित इस कार्य को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। इसके अलावा जल संबंधी कार्यों को लेकर भी अधिकारियों ने मंथन किया।

ये अधिकारी बैठक में ऑनलाइन जुड़े

मंत्रालय से वर्चुअली हुई बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के साथ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, SUDA के CEO सुमीत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के MD भीम सिंह कंवर, CHiPS के CEO मयंक अग्रवाल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि सुजीत कुमार, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के MD प्रकाश कुमार सर्वे समेत अन्य अधिकारी और बोर्ड सदस्य शामिल हुए।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा