'ईमानदारी और मेहनत मत छोड़िए', साहू समाज को अरुण साव का बड़ा संदेश

बिलासपुर/किरंदुल।   TODAY छत्तीसगढ़  / उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी पहचान और ताकत है। समाज के लोगों को इस पहचान को हमेशा बनाए रखना चाहिए। वे किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सामाजिक पदाधिकारियों के साथ लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य तैलीय सदन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह भी मौजूद रहीं।

श्री साव ने कहा कि किरंदुल में निर्मित यह साहू समाज का भवन छत्तीसगढ़ के सबसे भव्य सामाजिक भवनों में से एक है। उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि भवन का नियमित उपयोग हो और इसे सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज का सभी समाजों के साथ आत्मीय संबंध रहा है। यह समाज हमेशा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि आज साहू समाज के युवा देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने समाज के लोगों से भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि तेल निकालना साहू समाज का पारंपरिक व्यवसाय रहा है। इस व्यवसाय को आधुनिक तकनीक के साथ पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि तेल निकालने की मशीनों की स्थापना के लिए सरकार 35 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। समाज के लोग इसका लाभ उठाकर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। 

युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रही थी महिला, पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा

भिलाई।  TODAY छत्तीसगढ़  / नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना पुलिस ने अवैध हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला हेरोइन बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।

महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 9 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्ती की कीमत करीब 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत धारा 21(बी) एवं 27(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त थी। मामले में नशे के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

साध्वी निरंजन ज्योति ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात, सामाजिक न्याय पर फोकस

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से रविवार को उनके निवास कार्यालय में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय, शैक्षणिक उन्नयन और सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका, कार्यप्रणाली और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग द्वारा संचालित योजनाओं और सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के माध्यम से पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के विकास से जुड़े विषयों पर केंद्र एवं राज्य सरकारों को सुझाव देता है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए बनाए गए संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी भी करता है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित आयोग के सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

टिकरापारा में देर रात पुलिस का ऑपरेशन, 9 बदमाशों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए टिकरापारा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 9 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने नशेड़ी, गंजेड़ी, चाकूबाज और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर थाना टिकरापारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस की दो अलग-अलग टीमों का गठन कर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई।

अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, वाहनों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष नजर रखी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 9 बदमाशों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर एसीपी कार्यालय में पेश किया गया।

थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। 

(विशेष / मामले में गिरफ्तार आरोपियों की ai से बनाये गये इस पोस्टर में आरोपियों के नाम काल्पनिक हैं।)

शादी का भरोसा, प्यार का जाल और फिर धोखा... पुणे से गिरफ्तार हुआ आरोपी

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले की रहने वाली 26 वर्षीय युवती वर्तमान में चक्रधरनगर क्षेत्र में रह रही थी। युवती ने 19 अप्रैल को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में एक अनजान मोबाइल नंबर के जरिए उसकी बातचीत आनंद सिंह नामक व्यक्ति से शुरू हुई थी। बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने उससे विवाह करने का आश्वासन दिया।

शिकायत के मुताबिक दिसंबर 2024 में आरोपी रायगढ़ आया और शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह कई बार रायगढ़ आकर उससे मिलता रहा। जब युवती ने विवाह की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया।

युवती को बाद में जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे रवाना हुई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और रायगढ़ लेकर आई।

पूछताछ के दौरान आरोपी आनंद कुमार सिंह (36 वर्ष), निवासी जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवास पुणे (महाराष्ट्र) ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्लांट के अंदर ही बैठे थे चोर! कर्मचारियों ने रची लाखों की चोरी की साजिश

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  /  पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट में हुई लाखों रुपये की संगठित चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए 300 किलो एसएस स्क्रैप पाइप और एक ईको वाहन सहित कुल 9.08 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, एनआरवीएस स्टील लिमिटेड के प्रबंधक पवन अग्रवाल ने 6 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि प्लांट के स्क्रैप यार्ड से लगभग 300 किलो एसएस स्क्रैप पाइप चोरी हो गए हैं। चोरी गए स्क्रैप की कीमत करीब 1.08 लाख रुपये आंकी गई थी। शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है और आरोपी उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने संगठित तरीके से चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि प्लांट के जेसीबी ऑपरेटर बृज कुमार खटकर ने स्क्रैप पाइप को फ्लाई ऐश (डस्ट) में दबा दिया था। इसके बाद लोडर चालक दीपक कुमार कश्यप ने उसे ट्रेलर में लोड कर ऊपर से फ्लाई ऐश भर दी। ट्रेलर चालक नंदकिशोर विश्वकर्मा चोरी का माल प्लांट से बाहर ले गया। बाद में आरोपी करन श्रीवास और राजेश पटेल ने ईको वाहन में पाइप लोड कर तराईमाल जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 300 किलो एसएस स्क्रैप पाइप और परिवहन में प्रयुक्त ईको वाहन बरामद कर लिया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 9 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में पूर्व नियोजित और संगठित तरीके से अपराध किए जाने के कारण भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नंदकिशोर विश्वकर्मा (23), राजेश कुमार पटेल (21), करन श्रीवास (22), दीपक कुमार कश्यप (24) और बृज कुमार खटकर (26) शामिल हैं।  


फल दुकान पर खड़ा था युवक, पीछे से आया ‘गोलू सर्किट’ और घोंप दिया चाकू

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सिरगिट्टी क्षेत्र में एक फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 जून की रात करीब 9:30 बजे फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी अपनी दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष गोस्वामी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से नाराज था और उसने बदला लेने की नीयत से हमला किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के रायपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com