Slider

#VIDEO : 15 जून से पहले मिला बोनस, ATR में पर्यटकों को दिखा टाइगर

दर्रापानी क्षेत्र में शाम की सफारी के दौरान हुआ प्रत्यक्ष दर्शन, 15 जून से बंद होगा रिजर्व

(TCG NEWS / फाइल फोटो)
बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) में शनिवार शाम सफारी के दौरान पर्यटकों को एक बार फिर बाघ के दर्शन हुए। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। दर्रापानी क्षेत्र में बाघ को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद पर्यटकों का उत्साह देखते ही बना।

जानकारी के अनुसार बेलगहना निवासी श्याम सुंदर तिवारी अपने परिवार के साथ शनिवार को अचानकमार टाइगर रिजर्व की सफारी के लिए पहुंचे थे। सफारी के दौरान दर्रापानी क्षेत्र में उन्हें बाघ दिखाई दिया। वाहन चालक शिवशंकर सोनवानी और पर्यटक गाइड निरंजनी साकत की सतर्कता और अनुभव के कारण पर्यटक सुरक्षित दूरी से बाघ का दीदार कर सके। जंगल के राजा को सामने देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। कई पर्यटकों ने इस दुर्लभ क्षण को अपने कैमरों में भी कैद किया। बाघ की मौजूदगी ने सफारी को यादगार बना दिया।

अचानकमार टाइगर रिजर्व अपने बेहतर संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए देशभर में पहचान रखता है। यही कारण है कि यहां आने वाले पर्यटकों को अक्सर वन्यजीवों के प्राकृतिक वातावरण में दर्शन का अवसर मिलता है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार अचानकमार टाइगर रिजर्व सहित देश के अधिकांश राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व आगामी 15 जून से मानसून सीजन के दौरान पर्यटकों के लिए बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में बंदी से पहले बाघ के दर्शन पर्यटकों के लिए किसी खास उपहार से कम नहीं माने जा रहे हैं। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com