CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चांपा । पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती का पीछा कर अश्लील टिप्पणी और छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को ग्राम झिलमिली से पकड़ा गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 20 सितंबर को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि धीरेंद्र खांडेकर (21) लगातार उसका पीछा कर रहा था। रास्ते में आते-जाते आरोपी कथित तौर पर अश्लील कमेंट करता और बेइज्जती करने की नीयत से छेड़छाड़ करता था।
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पामगढ़ पुलिस टीम ने ग्राम झिलमिली में दबिश देकर धीरेंद्र खांडेकर को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

