Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नशे के खिलाफ पुलिस और मोहल्ले की महिलाएं साथ आईं, बना महिला कमांडो दल

मेहंदीपारा को बनाएंगे आदर्श मोहल्ला, महिला कमांडो ने संभाली कमान; चला स्वच्छता अभियान


CG NEWS:
TODAY छत्तीसगढ़  /  जांजगीर-चांपा। नशे के दुष्प्रभाव और अवैध कारोबार के खिलाफ चांपा पुलिस ने सामुदायिक सहभागिता की नई पहल शुरू की है। मेहंदीपारा चांपा में शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन किया गया। इस दौरान पुलिस, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को नशे के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रखना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

महिलाओं ने संभाली कमान

जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से महिला कमांडो का गठन किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो टीम गठित की गई। कार्यक्रम में मेहंदीपारा और आसपास के नागरिकों से संवाद किया गया। लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला कमांडो के गठन के साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से मेहंदीपारा और आसपास स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अभियान के जरिए स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया गया। पुलिस ने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी भी जरूरी है।

पुलिस प्रशासन ने ऐसे लोगों को वैकल्पिक आजीविका से जोड़ने की दिशा में काम करने की बात कही, जो नशे के कारोबार से दूर होकर सम्मानजनक रोजगार या व्यवसाय अपनाना चाहते हैं। ऐसे लोगों की रुचि और हुनर के अनुसार रोजगार के अवसर तलाशने तथा उन्हें शासन की योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की बात कही गई। इसके लिए कलेक्टर के माध्यम से उपलब्ध योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया गया। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा