बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / चकरभाठा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक सुबह के वक्त महिला के कमरे में घुस गया और उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रमाकांत सूर्यवंशी (30), पिता पन्नालाल सूर्यवंशी, निवासी ग्राम सैदा, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस कहती है कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आज (14 सितंबर) की सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी उसके कमरे में पहुंचा और कथित तौर पर बुरी नीयत से उसके शरीर को छूने लगा। महिला की नींद खुलने पर उसने आरोपी का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की है, पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

