बिलासपुर / TODAY छत्तीसगढ़ / सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में 19 वर्षीय युवक की मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।
रात में मिली मारपीट की खबर
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे शेख इस्माईल (19) घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 1 बजे उसकी मां को सूचना मिली कि ग्राम लोखंडी के कुछ युवकों ने उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की है। बताया गया कि मारपीट में युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।
इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, रायपुर में मौत
पीड़िता की रिपोर्ट पर सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 839/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। शुरुआत में पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। बिलासपुर के चिकित्सकों की सलाह पर घायल शेख इस्माईल को इलाज के लिए रायपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां 12 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
- अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), निवासी ग्राम लोखंडी
- प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29), निवासी इमली चौक बिरतियापारा, थाना सकरी
- दिलीप कुमार निर्मलकर (32), निवासी ग्राम लोखंडी
- गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22), निवासी ग्राम लोखंडी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडों को भी जब्त किया गया है। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

