3 सितंबर से लापता थी युवती
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को एक महिला ने थाना चक्रधरनगर में अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 451/2026 में BNS की धारा 140(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद ली।
मीना बाजार में हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी के सामने दिए बयान में युवती ने बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर के मीना बाजार मेले में गई थी। वहीं उसकी मुलाकात आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू से हुई। दोनों ने मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान किया और बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद अज्जू युवती पर रायपुर चलने और वहां होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा।
रायपुर के होटल में रोकने का आरोप
युवती के बयान के मुताबिक, आरोपी उसे रायपुर ले गया और अपने परिचित के होटल में रुकवाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने होटल में अपना परिचय दिखाकर युवती को चेकआउट नहीं करने दिया।
युवती किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। पुलिस के मुताबिक, इसकी जानकारी आरोपी को मिल गई और वह रायगढ़ रेलवे स्टेशन से उसे अपने साथ एक होटल ले गया। आरोप है कि वहां भी उसे एक रात रखा गया और बाहर जाने नहीं दिया गया।
घर जाने की जिद पर मकान में रखने का आरोप
युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने घर जाने की जिद की तो आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में ले गया। आरोप है कि यहां उसे बंधक बनाकर रखा गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मीना बाजार के दौरान युवती की फोटो लेने और उसके साथ रहने की बात को लेकर उसे रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही कथित तौर पर कहा कि उस पर युवती के लिए 50 हजार रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं और 50 हजार रुपये देने तक उसे जाने नहीं दिया जाएगा।
तकनीकी साक्ष्य से पुलिस पहुंची आरोपी तक
विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी जानकारी और मुखबिर से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद 16 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस ने वहां दबिश दी और युवती को सकुशल दस्तयाब कर लिया। मौके से आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू, पिता हमीद अली, निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जांच के लिए लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

